पटना/गया : पटना हाईकोर्ट ने गया जिले के टनकुप्पा स्थित 10+2 उच्च विद्यालय, करियादपुर की दयनीय स्थिति के खिलाफ दायर जनहित याचिका और एक समाचार पत्र में छपी खबर, जिसमें स्कूल के बच्चे साइकिल, मोटरसाइकिल एवं फर्श पर परीक्षा देने की घटना पर संबंधित विभाग से जवाब मांगा है. अदालत ने इस मामले पर एक साथ सुनवाई करते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों से पांच नवंबर तक जवाब मांगा है.
याचिकाकर्ता द्वारा कोर्ट को बताया गया कि इस विद्यालय में करीब 700 विद्यार्थी हैं. इस विद्यालय में मात्रा चार कमरे हैं. जांच के क्रम में पाया गया कि 10 शिक्षकों में मात्र चार शिक्षक ही स्कूल में उपस्थित थे. अदालत ने हैरानी जताते हुए राज्य सरकार से भी जवाब मांगा है. सरकार को यह बताने को कहा है कि राज्य में इस तरह के कितने स्कूल चल रहे हैं, जहां बुनियादी सुविधाओं का अभाव है.
