गया : संवास सदन समिति में डीएम अभिषेक सिंह व एसएसपी राजीव मिश्रा की संयुक्त अध्यक्षता में मंगलवार काे पितृपक्ष मेला के लिए प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियाें की ब्रीफिंग की . उनसे दिनभर का फीडबैक लिया. बैठक में डीएम ने बताया कि शाम छह बजे रामशिला व प्रेतशिला के भ्रमण के दाैरान वहां स्थित पुलिस शिविर में प्रतिनियुक्ति दंडाधिकारी व मजिस्ट्रेट अनुपस्थित पाये गये.
डीएम ने कहा कि तत्काल उनके वेतन पर रोक लगाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई करने का आदेश दिया है. भ्रमण के दाैरान तीर्थयात्रियों की सुविधा की भी जानकारी ली गयी. बैठक में उन्होंने कहा कि भ्रमण के दौरान पाया गया है कि संबंधित मजिस्ट्रेट को जो जिम्मेदारी दी गयी है उनके द्वारा अभी भी उन काम में ढिलाई बरती जा रही है.
प्रेतशिला के रास्ते में जरूरत है आैर पुलिसकर्मी की चौक-चौराहों, फुटपाथ पर फल व सब्जी व अन्य विक्रेता द्वारा अभी भी दुकान लगाये जा रहे हैं. इस कारण रोड पर लंबा जाम लग जा रहा है, इसपर ध्यान देने की जरूरत है. संवास सदन के पास नो पार्किंग जोन में बाइक खड़ा देख जिलाधिकारी ने वहां प्रतिनियुक्ति मजिस्ट्रेट को फटकार लगायी. तुरंत बाइक हटाने का निर्देश दिया.
जोनल दंडाधिकारी ने बताया कि प्रेतशिला के रास्ते में और मजिस्ट्रेट व पुलिस फोर्स की जरूरत है. डीएम ने अविलंब उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. ब्रीफिंग में एसडीआरएफ के टीम लीडर नहीं आये थे, उन्हें प्रतिदिन ब्रीफिंग में उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया.
रामशिला में गिरा पड़ा है लाेहा का बैरियर वरीय दंडाधिकारी जिला योजना पदाधिकारी ने बताया कि रामशिला के पास स्थित पुलिस शिविर के पास एक लोहा का बैरियर गिरा हुआ है, जिससे आम लोगों को समस्या हो रही है. डीएम ने अविलंब उसे क्रेन से हटवाने का निर्देश दिया. जन संपर्क विभाग के उप निदेशक ने बताया कि जन संपर्क विभाग द्वारा लगाये गये होर्डिंग्स पर स्वास्थ विभाग व अन्य विभागों द्वारा उसके ऊपर हाेर्डिंग लगा दिया गया है. डीएम ने सिविल सर्जन को अविलंब जांच कर हटाने का निर्देश दिया. बैठक में डीडीसी किशोरी चौधरी, अपर समाहर्त्ता राजकुमार सिन्हा, नगर आयुक्त डॉ ईश्वर चंद्र शर्मा सहित सभी पदाधिकारी व दंडाधिकारी माैजूद थे.
