गया : एक बार फिर कोढ़ा गिरोह के सदस्याें के शहर में बड़ी घटनाओं को अंजाम देने में शामिल होने की बात सामने आयी है. 24 जुलाई को गिरधारी फोर्ड के मालिक अनुराग पोद्दार के यहां हुए 57 लाख रुपये से अधिक की डकैती के मामले में कोढ़ा गिरोह के हाथ होने की बात खुलकर आयी है. इस संबंध में एसएसपी राजीव मिश्रा ने बताया कि हाजीपुर में पकड़े गये डकैत गिरोह के सदस्यों से पूछताछ की गयी है.
पूछताछ में सामने आया है कि कोढ़ा गिरोह के सदस्यों ने ही गिरघारी फोर्ड मोटर्स के मालिक के घर में डकैती की घटना को अंजाम दिया है. जल्द ही यहां के बारे में भी खुलासा कर लिया जायेगा. उन्होंने बताया कि डकैती के बाद पुलिस को हाथ लगे सीसीटीवी फुटेज में हाजीपुर व विभिन्न जगहों से पकड़ाये अपराधियों के चेहरे यहां से मिल रहे हैं.
पकड़े गये गिरोह के सदस्य आठ-10 दिनों में एक से डेढ़ करोड़ की डकैती की घटना को अंजाम दे चुके हैं. उन्होंने बताया कि इन सभी को वैशाली पुलिस रिमांड पर लेने के लिए कोर्ट में आवेदन दिया है. गया पुलिस भी सभी को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी. बताया जाता है कि हाजीपुर में अंतरजिला डकैत गिरोह के पास से हथियार, लूटे गये गहने व अन्य सामानों की बरामदगी की गयी है. पूछताछ में यह भी सामने आया है कि गिरोह के सदस्यों ने एक वर्ष में विभिन्न जिलों में दर्जन भर डकैती की घटनाओं को अंजाम दिया है.
इसलिए ही गया पुलिस के अधिकारियों को शक है कि इस गिरोह के सदस्य ही अनुराग पोद्दार के यहां हुई डकैती में शामिल थे. गौरतलब है कि 24 जुलाई को एसएसपी व डीएम आवास के लगभग 200 मीटर की दूरी पर एक घर में गार्ड को बंधक बनाकर डकैतों ने नकद व जेवर मिला कर लगभग 57 लाख रुपये की डकैती की थी. पीड़ित व्यवसायी गिरधारी फोर्ड, सोलूशन होंडा व दो पेट्रोल पंप के मालिक अनुराग पोद्दार यहां से हीरा, सोने व चांदी के 50 लाख रुपये के जेवरात, पांच लाख रुपये नकद व 1500 अमेरिकन डॉलर डकैत ले जाने में सफल रहे थे.
शहर में बढ़ गयी हैं चोरी व छिनतई की घटनाएं
शहर में इन दिनों चोरों का आतंक बढ़ गया है. मंगलवार की रात डेल्हा थाना क्षेत्र के बालाजी कॉलोनी में व कोतवाली थाना क्षेत्र के मुरारपुर मुहल्ले में चोरों ने हजारों रुपये के सामान व नकद की चोरी की थी. ठीक दूसरे ही दिन कोतवाली थाना क्षेत्र के करबला में चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है.
इससे पहले भी दर्जनों जगहों पर चोरी, डकैती व छिनतई की घटनाएं हो चुकी हैं. अब तक किसी भी जगह का सामान बरामदगी या फिर घटना का उद्भेदन करने में पुलिस विफल रही है. कई जगहों पर सीसीटीवी फुटेज में पुलिस को चोर के कुछ सुराग भी हाथ लगे हैं. इसके बाद भी पुलिस उनकी पहचान करने व पकड़ने में कामयाब नहीं हो सकी है. इधर 29 अप्रैल को नाला रोड में हुई डकैती मामले में पकड़े गये आरोपित तुफैल को पिछले दिनों कोर्ट से बेल मिल गया है. इस संबंध में पीड़ित अशोक गुप्ता का कहना है कि करीब 30 लाख रुपये की डकैती में अब तक सामान की रिकवरी नहीं हो सकी.
