छल से हासिल की गयी जीत हार से भी होती है छोटी : डीएम

गया : शहर के मानपुर स्थित सुखदेव पैलेस में 33वां जूनियर-सीनियर बिहार पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप का आयोजन शनिवार को किया गया. गया जिला पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में डेड लिफ्टिंग, स्कॉट पावर लिफ्टिंग व बेंच प्रेस का शुभारंभ डीएम अभिषेक सिंह, एसएसपी राजीव मिश्रा, इंडिया पावर के जीएम राकेश रंजन, कमांडेंट शहरयार अइमद सूरी, हड्डी रोग […]

गया : शहर के मानपुर स्थित सुखदेव पैलेस में 33वां जूनियर-सीनियर बिहार पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप का आयोजन शनिवार को किया गया. गया जिला पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में डेड लिफ्टिंग, स्कॉट पावर लिफ्टिंग व बेंच प्रेस का शुभारंभ डीएम अभिषेक सिंह, एसएसपी राजीव मिश्रा, इंडिया पावर के जीएम राकेश रंजन, कमांडेंट शहरयार अइमद सूरी, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ फरासत हुसैन, गया कॉलेज के विभागाध्यक्ष (शिक्षा) डॉ धनंजय धीरज, वार्ड पार्षद संतोष कुमार सिंह व शेरघाटी नगर पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि विनय प्रसाद ने दीप जला कर किया. इसमें कई राज्यों के प्रतिभागी भाग ले रहे हैं.
समारोह में डीएम अभिषेक सिंह ने कहा कि गया शहर जैसे ऐतिहासिक शहर में पावरलिफ्टिंग व उससे जुड़े अन्य खेलों की शुरुआत भविष्य के लिए एक बहुत ही अच्छा संकेत हैं. गया जिला पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन ने बहुत ही बेहतरीन तरीके से इसका आयोजन किया है. डीएम ने कहा कि बचपन में उन्हें हॉस्टल में रहने का मौका मिला है. इस कारण बच्चों से बहुत लगाव है. एक समय था, जब बिहार में आम धारणा थी कि पढ़ाई-लिखाई में अच्छा करनेवालों का ही कैरियर बेहतर होता है.
जो बच्चा खेल-कूद में लगा रहता है, उसका कैरियर अच्छा नहीं रहता है. लेकिन, अब ऐसा नहीं है. अब खेलकूद में कई ऐसे आदर्श हैं, जिनकी प्रतिभा से देश का नाम रोशन हुआ है. डीएम ने कहा कि खेल को खेल की भावना से खेले. छल से हासिल जीत हार से भी छोटी होती है. खिलाड़ियों को चाहिए कि खेल के नियमों का पालन करें और अपनी ऊर्जा का निष्ठापूर्वक प्रयोग करें.
खेल से जिले के इतिहास का चलता है पता : डीएम ने कहा कि कोई शहर कितना जीवंत है, इसका पता तब चलता है, जब वहां के लोग जीवंत होते हैं. कई शहरों में रहने का मौका मिला है. गया में आने के बाद एक अजीब सी अनुभूति होती है. यहां के लोग बड़े ही उत्साह, तन्मयता व लगन के साथ हर आयोजन को इन्जाय करते हैं और जीवंत पहलू की अनुभूति करते हैं. खेल किसी शहर के इतिहास व भविष्य को बताता है. यहां के लोग काबिले तारीफ हैं.
समारोह को संबोधित करते हुए एसएसपी राजीव मिश्रा ने कहा कि अपने लंबे प्रशिक्षण व कड़ी मेहनत से हासिल किये हुए कौशलों का सावधानी से प्रयोग करें. नैतिकता की भावना को सबसे ऊपर रख कर खिलाड़ियों को सदैव ऐसे प्रयत्न करना चाहिए, जिससे उनके साथी खिलाड़ियों का कोई अहित न हो. ईमानदारी से किये गये प्रयासों से हासिल की गयी जीत की एक अलग चमक होती है. किसी भी क्षेत्र में शीर्ष पर बने रहने के लिए सदैव प्रयास करते रहने की आवश्यकता है.
प्रतियोगिता में उतरी हैं लेडिज फिटनेस जिम से जुड़ीं 20 लड़कियां
इस मौके पर गया जिला पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल कुमार मेहता व सचिव मिथिलेश कुमार को डीएम अभिषेक सिंह ने मेमेंटो देकर सम्मानित किया. यह प्रतियोगिता बिहार पावरलिफ्टिंग के सचिव अशोक मेहता व नेशनल खिलाड़ी भूपेंद्र सिंह व निशांत कुमार की देखरेख में आयोजित की गयी है.
इस प्रतियोगिता में शहर के आशा सिंह मोड़ पर स्थित लेडिज फिटनेस जिम से जुड़ी 20 लड़कियों के साथ-साथ विभिन्न राज्यों से आये हुए खिलाड़ियों ने भाग लिया. इस मौके पर शेरघाटी नगर पंचायत के अध्यक्ष के प्रतिनिधि विनय कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता जेनी पेरे उर्फ मम्मी जी, मुन्ना पासवान, पेट्रोलियम कंपनी के अधिकारी गयालाल, रामपुकार पासवान, रमेश यादव, अखिलेश सिंह, रवि कुमार, गुड्डू कुमार सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित थे.
ड्रग्स व उत्तेजक दवाओं का नहीं करें सेवन
डॉ फरासत हुसैन ने खिलाड़ियों से अपील करते हुए कहा कि सफलता पाने के शॉट-कट में ड्रग्स व उत्तेजक दवाओं का उपयोग नहीं करें. ऐसा करने से कोई खिलाड़ी एक बार सफल हो सकता है, बार-बार नहीं. ऐसी दवाएं शरीर पर लंबे समय के लिए दुष्प्रभाव छोड़ जाते हैं. उन्होंने अपनी विदेश यात्रा के अनुभवों को साक्षा करते हुए कहा कि भारत में अंतरराष्ट्रीय मापदंडों के अनुरूप आयोजन में तकनीकी सुधार की गुंजाइश है.
गया कॉलेज के शिक्षा विभाग के अध्यक्ष डॉ धनंजय धीरज ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य मात्र जय-पराजय और विजेता व उपविजेता की घोषणा करना नहीं है, बल्कि खिलाड़ियों के अंदर खेल धर्म विकसित करना है. गया के खिलाड़ियों से अपील है कि वे बिहार राज्य ही नहीं, बल्कि देश का नाम अपने परिश्रम की बदौलत प्रतिस्पर्धाओं में स्वयं को स्थापित कर अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर एक नयी पहचान दिलाने में महती भूमिका निभाएं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >