बोधगया : बोधगया मंदिर सलाहकार परिषद की गुरुवार को आयोजित की जानेवाली बैठक की तैयारी के लिए मंगलवार को आयुक्त कार्यालय के सभागार मगध प्रमंडल की आयुक्त टीएन बिंद्धेश्वरी की अध्यक्षता में एक बैठक की गयी. बैठक में सर्वप्रथम आयुक्त द्वारा सभी का स्वागत किया गया व बैठक के एजेंडे से अवगत कराया गया.
इसके बाद डीएम सह बीटीएमसी के पदेन अध्यक्ष अभिषेक सिंह द्वारा एडवाइजरी बोर्ड की विगत बैठक के बाद महाबोधि मंदिर के विकास की स्थिति व वर्तमान स्थिति से अवगत कराया गया.
गौरतलब है कि इसके पहले 30 जुलाई 2016 को बोधगया टेंपल एडवाइजरी बोर्ड की बैठक हुई थी. मंगलवार को डीएम द्वारा मंदिर के लिए क्रियान्वित विकास योजना एवं मेंटेनेंस कार्य, बीटीएमसी की वित्तीय स्थिति व मंदिर की सुरक्षा-व्यवस्था के संबंध में प्रस्तुति दी गयी. बैठक में मगध प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी)श्री विनय कुमार, एसएसपी राजीव मिश्रा, बीटीएमसी के सचिव एन दोरजी, नगर आयुक्त ईश्वर चंद्र शर्मा सहित संबंधित पदाधिकारी व सदस्य शामिल हुए.
उल्लेखनीय है कि बोधगया मंदिर सलाहकार परिषद में कुल 24 सदस्य होते हैं व इसका वर्तमान अध्यक्ष भूटान के वी नामग्याल व सदस्य सचिव मगध के आयुक्त हैं. परिषद के सदस्यों में श्रीलंका, भूटान, जापान, म्यांमार, कंबोडिया, वियतनाम आदि बौद्ध देशों के राजदूत के साथ ही दलाई लामा का एक प्रतिनिधि, विदेश सचिव, पर्यटन मंत्रालय व विभाग के सचिव, कला संस्कृति विभाग के सचिव, स्थानीय सांसद, विधायक व बोधगया नगर पंचायत के अध्यक्ष सहित अन्य शामिल हैं.
जानकारी के अनुसार, परिषद की बैठक में महाबोधि मंदिर के विकास को लेकर किये गये कार्यों के साथ ही सुरक्षा सहित आय-व्यय पर चर्चा की जायेगी. आगामी दिनों में महाबोधि मंदिर के विकास के लिए किये जाने वाले कार्यों सहित बौद्ध महोत्सव के संदर्भ में भी विमर्श किया
जायेगा. बैठक में शामिल होने के लिए बुधवार को ही चार-पांच देशों के राजदूत बोधगया पहुंचनेवाले हैं.
