गया: मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी 28 व 29 मई को गया में रहेंगे. इस दौरान वह कई कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे. सीएम बनने के बाद वह पहली बार गया आ रहे हैं. उनके आगमन की तैयारी में प्रशासनिक महकमा जुटा है. सोमवार की सुबह एसएसपी निशांत कुमार तिवारी ने पुलिस लाइंस में इंस्पेक्टरों के साथ बैठक की. सिपाहियों की परेड करा कर कार्यक्षमता बढ़ाने से संबंधित बिंदुओं पर टिप्स दिये. वहीं, सोमवार की शाम जिलाधिकारी बाला मुरुगन डी ने समाहरणालय के सभागार में पुलिस, बिजली व सड़क सहित अन्य विभाग के अधिकारियों के साथ घंटों मंत्रणा की.
पुलिस लाइंस में सिपाहियों को संबोधित करते हुए एसएसपी श्री तिवारी ने कहा कि हमारे सामने नित नयी चुनौतियां सामने आती रहती हैं. 28 व 29 मई को मुख्यमंत्री दो दिवसीय दौरे पर गया आ रहे हैं. आप सभी की तैनाती अलग-अलग स्थानों पर की जायेगी. इस दौरान बेहतर पुलिसिंग प्रस्तुत करनी है. कहीं पर गड़बड़ी नजर आये, तो तुरंत वरीय अधिकारियों को सूचना दें.
एसएसपी ने कहा कि ड्यूटी में लापरवाही बरतनेवाले किसी भी सूरत में बख्शे नहीं जायेंगे. पूरी तन्मयता के साथ अपने कर्त्तव्यों का निर्वहन करें. आपके द्वारा बरती गयी थोड़ी सी लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण हो सकती है. उन्होंने वरदी सहित शारीरिक लूक बेहतर रखने पर बल देते हुए कहा कि पुलिस की एक गरिमा है, उसके साथ-साथ वरदी की भी गरिमा है. इस गरिमा को ठेस नहीं पहुंचने दें. कोशिश हो कि वरदी हमेशा साफ-सुथरी हो. शारीरिक लूक भी बेहतर हो. कई बार ऐसा देखा जाता है कि किसी कार्यक्रम में महत्वपूर्ण स्थान पर ड्यूटी करनेवाले सिपाही की वरदी गंदी है या उसकी दाढ़ी बढ़ी हुई है. इससे पुलिस की छवि खराब होती है. इस मौके पर डेल्हा इंस्पेक्टर निखिल कुमार, सिविल लाइंस इंस्पेक्टर निहार भूषण, कोतवाली इंस्पेक्टर उदय शंकर व रामपुर इंस्पेक्टर गौरी शंकर गुप्ता सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे.
डीएम ने कार्यक्रमों की दी जानकारी
इधर, डीएम ने समाहरणालय के सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर 28 व 29 मई को गया में सीएम के दौरे को लेकर कई बिंदुओं पर दिशा-निर्देश दिया. डीएम ने अधिकारियों को सीएम के संभावित काय्रक्रमों के बारे में जानकारी दी और उस इलाके में बिजली, सड़क सहित अन्य छोटी-छोटी समस्याओं को दूर करने का निर्देश दिया. इस मौके पर एसएसपी निशांत कुमार तिवारी, सिटी एसपी चंदन कुमार कुशवाहा, एएसपी अशोक कुमार सिंह, सिटी डीएसपी आलोक कुमार सिंह, सदर एसडीओ मकसुद आलम व नीमचक बथानी एसडीओ संजय शर्मा सहित काफी संख्या में अधिकारी उपस्थित थे. इसके पहले मुख्य सचिव अशोक कुमार सिन्हा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये डीएम व एसएसपी से जिले की विधि व्यवस्था व सीएम के आगमन की तैयारियों का जायजा लिया.
