गया: गया समेत मगध प्रमंडल के अन्य जिलों में सोमवार की दोपहर हुई बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया. तापमान में गिरावट आने से भीषण गरमी से जूझ रहे लोगों को राहत मिली है. रविवार की देर शाम से मौसम में बदलाव आया है. सोमवार को दोपहर करीब 1.20 बजे से बारिश शुरू हुई. कुछ घंटे तक रुक-रुक कर बारिश होती रही. सोमवार को न्यूनतम तापमान 26.5 व अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस रहा.
पटना से मौसम विभाग के निदेशक आशीष कुमार सेन बताया कि बंगाल की खाड़ी में हवा के दबाव के कारण गया समेत बिहार के कई जिलों में बारिश हुई है. अगले कुछ दिनों तक बारिश होने की संभावना है. मंगलवार, गुरुवार, शुक्रवार व शनिवार को भी आंधी के साथ बारिश की संभावना है. साथ ही बुधवार व रविवार (31 मई) को बादल छाये रहने की संभावना है. 31 मई तक तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के करीब बना रहेगा. इससे पहले, गया व मगध प्रमंडल के आसपास के जिलों में भीषण गरमी पड़ रही थी.
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को न्यूनतम तापमान 26 डिग्री व अधिकतम 34 डिग्री सेल्सियस, बुधवार को न्यूनतम तापमान 27 डिग्री व अधिकतम 35 डिग्री सेल्सियस, 29 मई को न्यूनतम तापमान 24 डिग्री व अधिकतम 38 डिग्री सेल्सियस, 30 मई को न्यूनतम तापमान 23 डिग्री व अधिकतम 41 डिग्री सेल्सियस, 31 मई को न्यूनतम तापमान 25 डिग्री व अधिकतम 39 डिग्री सेल्सियस व एक जून को न्यूनतम तापमान 24 डिग्री व अधिकतम 42 डिग्री रहने की संभावना है.
