गया : शहर के विष्णुपद मंदिर के पास सूर्यकुंड तालाब में एक महिला अपने चार बच्चों के साथ डूबने लगी, जिसे वहां पर मौजूद आपदा विभाग के तैराक व स्थानीय लोगों ने बचा लिया. महिला व बच्चों को स्थानीय लोगों ने एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है. चारों बच्चों की उम्र 10 वर्ष के नीचे है. महिला की पहचान वजीरगंज थाना क्षेत्र के इंटावां गांव की रहनेवाली अंजू देवी के रूप में की गयी है.
महिला का ससुराल पटना बताया जा रहा है. महिला ने बताया कि उसके बच्चे ने शौच कर दिया था, जिसे धोने के क्रम में वह तालाब में गिर गयी. बारी-बारी से चारों बच्चे तालाब में मां को देख उतर गये. तालाब के पास मौजूद तैराक बबलू कुमार की नजर डूबते हुए बच्चों व महिला पर पड़ गयी. तैराक बबलू ने तालाब में छलांग लगाकर सभी को बचा लिया. इसके बाद स्थानीय लोग पहुंचे.
घटना की जानकारी मिलते ही विष्णुपद की पुलिस ने पहुंच कर महिला से पूछताछ की. इधर लोगों का कहना है कि महिला का ससुराल पटना में है व मायका बोधगया में. इसके बावजूद वह सूर्यकुंड तालाब तक कैसे पहुंची यह चर्चा का विषय बना हुआ है.
युवक को किया जायेगा पुरस्कृत
विष्णुपद थानाध्यक्ष उदय कुमार ने बताया कि सूर्यकुंड के पास रहने वाले बबलू कुमार की तत्परता से महिला के साथ डूब रहे चार बच्चों की जान बची है. बबलू कुमार को पुरस्कृत किया जायेगा. महिला का भाई अनिल साव पहसी में रहता है व बहन की शादी डेल्हा में है. उन्हीं लोगों से मिलने महिला यहां पहुंची थी. किसी तरह के घरेलू विवाद की बात सामने नहीं आयी है. उन्होंने कहा कि महिला के पति से भी फोन पर बात की गयी है. महिला व बच्चों को भाई के साथ भेज दिया गया है.
