गया : सोमवार की देर रात चंदौती थाने के चुरी गांव में छेड़छाड़ का विरोध करने पहुंचे लोगों के साथ न केवल मारपीट की गयी बल्कि उनके ऊपर फायरिंग भी की गयी दी. ताबड़तोड़ की गयी फायरिंग में बीच-बचाव करने आये एक युवक के बांह में गोली लग गयी. घायल युवक को इलाज के लिए मगध मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से बेहतर इलाज के लिए उसे पटना रेफर कर दिया गया है.
गौरतलब है कि तीन दिन पहले एक लड़की के साथ हुए छेड़छाड़ के मामले में आरोपितों के घर पर लड़की के परिजन व कुछ लोग समझाने पहुंचे थे. इस बीच दोनों पक्षों के बीच बात बिगड़ गयी. आरोपित पक्ष समझाने पहुंचे लोगों के साथ मारपीट करने लगे. इस बीच लोगों पर फायरिंग भी की गयी. मामले को शांत कराने पहुंचे चुरी गांव के रहनेवाले सियाराम शर्मा के बेटे रविकांत कुमार की बांह में गोली लग गयी. घायल युवक को मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए घायल को पटना रेफर कर दिया गया.
सूत्रों के अनुसार घायल युवक का इलाज गया में एक प्राइवेट क्लिनिक में कराया जा रहा है. इस संबंध में चंदौती थानाध्यक्ष सुमंत कुमार ने बताया कि चुरी गांव में सोमवार की देर रात आपसी विवाद में गोली चली है. इसमें एक युवक को गोली लगी है. पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है.
