गया : मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी रामानंद राम की अदालत में मंगलवार को नबील हत्याकांड में शामिल दो नामजद अभियुक्तों ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया. गौरतलब है कि सोमवार को इसी मामले के एक अन्य अभियुक्त के घर की पुलिस ने कुर्की की थी. पुलिस द्वारा की गयी कुर्की की कार्रवाई के बाद दबाव में आये दोनों आरोपितों ने सरेंडर कर दिया.
गौरतलब है कि 21 मई को पांच अभियुक्तों ने व्हाइट हाउस कंपाउंड स्थित वली अहमद के घर में घूस कर उनके दोनों बेटे अरबाब खान व नबील अहमद की लाठी-डंडे से पिटायी कर जख्मी कर दिया था. साथ ही उनके पिता के साथ भी मारपीट की गयी थी. बाद में इलाज के क्रम में पटना के एक निजी अस्पताल में घायल नबील की मौत हो गयी थी.
मंगलवार को दो अभियुक्त सोहेल अंसारी व उनके पिता अब्दुल्ला अंसारी ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया. इस मामले के एक और अभियुक्त मोहम्मद शाह अस्जान हुसैन उर्फ सब्बु ने पिछले शनिवार को ही कोर्ट में सरेंडर कर दिया था. एक और प्राथमिकी अभियुक्त मोहम्मद सकेब को सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना के दिन ही गिरफ्तार किया गया था.
