खिजरसराय : खिजरसराय थाना क्षेत्र के पचमहला गांव के ग्रामीणों ने आये आंधी तूफान के बाद अब तक विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित नहीं किये जाने के विरोध में लगभग पांच घंटे तक गया-पटना मुख्य मार्ग को जाम रखा. जाम कर रहे ग्रामीणों का कहना था कि आठ दिन बीत जाने के बाद भी अब तक विद्युत आपूर्ति शुरू नहीं किया जाना इंडिया पावर की लापरवाही का प्रमाण है.
आसपास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति शुरू हो गयी है जबकि यहां अब तक महमदपुर के आस पास कार्य भी नहीं प्रारंभ किया गया है. इधर जाम की सूचना मिलने पर खिजरसराय थाने की पुलिस के साथ इंडिया पावर के अधिकारी राकेश डोमचे सहित अन्य लोग पहुंचे. लेकिन, ग्रामीण मानने को तैयार नहीं थे.
लोगों का कहना था कि अधिकतर समान गायब हो चुके हैं और असामाजिक तत्वों द्वारा तार भी काट लिया गया है. बाद में अंचलाधिकारी अशोक सिंह ने जाम स्थल पर पहुंच कर ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि विद्युत आपूर्ति जल्द सुनिश्चित कर दी जायेगी.
इसके बाद ग्रामीणों ने जाम को समाप्त कर दिया. वहीं इस मामले पर इंडिया पावर के जूनियर इंजीनियर चिंकू शर्मा ने दूरभाष पर बताया कि प्राकृतिक आपदा पर किसी का वश नहीं चलता है. लेकिन, जल्द विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है.
