Bihar: MLC राधाचरण सेठ के दो सहयोगियों को ED ने किया गिरफ्तार, जानिए क्या है पूरा मामला...

दोनों बालू कारोबारी न तो इडी के समन का जवाब दे रहे थे और न ही निदेशालय को पूछताछ में सहयोग कर रहे थे. इसे देखते हुए शनिवार को निदेशालय की एक विशेष टीम ने उनको उनके पटना स्थित ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया.

प्रवर्तन निदेशालय (इडी) ने बालू सिंडिकेट और भ्रष्टाचार से जुड़े एक मामले में शनिवार को बड़ी कार्रवाई की है. इडी ने बिहार में बालू सिंडिकेट से जुड़े और दो लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार बालू कारोबारियों में आदित्य मल्टीकाॅम के निदेशक समूह के अधिकारी जगनारायण सिंह और सतीश कुमार शामिल हैं. दोनों के तार धनबाद से जुड़े हैं और ये दोनों दो दिन पहले गिरफ्तार बालू कारोबारी राधाचरण सेठ के साथ बालू सिंडिकेट में सहयोगी हैं.

आदित्य मल्टीकाॅम का कारोबार बिहार के साथ ही झारखंड और दूसरे अन्य कई प्रदेशों में फैला हुआ है. राधाचरण आदित्य मल्टीकाॅम और ब्राॅडसन के साथ मिलकर अपना सिंडिकेट चलाते थे और इन कंपनियों में निवेश कर अवैध कमाई करते थे. कहा जाता है कि आदित्य मल्टीकाॅम राधाचरण सेठ की सहयोगी कंपनी है. इडी ने पिछले दिनों बालू सिंडिकेट से जुड़े लोगों के ठिकाने पर छापा मारा था. उस दौरान आदित्य मल्टीकाॅम को भी नोटिस दिया गया था.

इडी के सूत्र बताते हैं की जगनारायण सिंह और सतीश सिंह का ज्यादा कारोबार बिहार में पटना, भोजपुर, सारण जैसे जिलों के साथ ही झारखंड में धनबाद, रांची समेत अन्य दूसरे राज्यों में भी फैला हुआ है. ये दोनों बालू कारोबारी न तो इडी के समन का जवाब दे रहे थे और न ही निदेशालय को पूछताछ में सहयोग कर रहे थे. इसे देखते हुए शनिवार को निदेशालय की एक विशेष टीम ने उनको उनके पटना स्थित ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया.

सूत्रों की मानें, तो इन दोनों से लगातार दो दिन पूछताछ होगी और इसके बाद सोमवार को इन्हें इडी की विशेष न्यायालय में पेश किया जा सकता है. बता दें कि इडी पिछले चार महीने से बिहार में पहले बालू सिंडिकेट से जुड़े लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर सबूत इकट्ठा कर रही है. इसी कड़ी में हाल में इस सिंडिकेट से जुड़े बड़े बालू कारोबारी और जदयू विधान पार्षद राधाचरण सेठ को इडी ने उनके आरा स्थित आवास से गिरफ्तार किया था.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RajeshKumar Ojha

Senior Journalist with more than 20 years of experience in reporting for Print & Digital.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >