Chhath Puja Special Train: दशहरा, दीपावली और छठ महापर्व को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत देने की तैयारी की है. रेलवे बोर्ड ने त्योहारों के दौरान स्पेशल ट्रेनों के परिचालन को मंजूरी दे दी है. इन ट्रेनों का परिचालन 1 अक्टूबर से 30 नवंबर के बीच किया जाएगा. इस दौरान करीब 400 ट्रिप लगाने की योजना है.
दिल्ली, चंडीगढ़, फिरोजपुर कैंट और ऋषिकेश समेत 10 से ज्यादा बड़े शहरों से बिहार के अलग-अलग स्टेशनों के लिए ट्रेनें चलेंगी. दिल्ली से बिहार आने वाले यात्रियों के लिए सबसे ज्यादा विकल्प मिलेंगे. पटना जंक्शन, पाटलिपुत्र जंक्शन, मुजफ्फरपुर और जोगबनी रूट पर विशेष ट्रेनें चलाने की तैयारी है.
पहले चरण में 16 स्पेशल ट्रेनों की समय-सारिणी
रेलवे ने पहले चरण में 16 स्पेशल ट्रेनों की समय-सारिणी तय की है. इनमें बिहार के प्रमुख स्टेशनों को दूसरे राज्यों के बड़े शहरों से जोड़ा गया है. इससे त्योहारों के दौरान घर लौटने वाले यात्रियों को अतिरिक्त ट्रेनें मिलेंगी.
इन ट्रेनों में कुछ सेवाएं साप्ताहिक होंगी. कुछ ट्रेनें सप्ताह में दो दिन चलेंगी. वहीं, कुछ रूट पर प्रतिदिन ट्रेन चलाने का प्लान है.
चंडीगढ़ और फिरोजपुर कैंट से पटना के लिए ट्रेन
चंडीगढ़ से पटना के बीच स्पेशल ट्रेन गुरुवार को चलेगी. इसका परिचालन 1 अक्टूबर से 26 नवंबर तक होगा. वापसी में पटना से चंडीगढ़ के लिए ट्रेन शुक्रवार को चलेगी. यह सेवा 2 अक्टूबर से 27 नवंबर तक रहेगी.
फिरोजपुर कैंट से पटना के लिए ट्रेन मंगलवार को चलेगी. इसका परिचालन 6 अक्टूबर से 24 नवंबर तक होगा. पटना से फिरोजपुर कैंट के लिए ट्रेन बुधवार को चलेगी. यह सेवा 7 अक्टूबर से 25 नवंबर तक जारी रहेगी.
आनंद विहार से जोगबनी और मुजफ्फरपुर के लिए ट्रेन
आनंद विहार से जोगबनी के लिए स्पेशल ट्रेन शनिवार को चलेगी. इसका परिचालन 10 अक्टूबर से 7 नवंबर तक होगा. जोगबनी से आनंद विहार के लिए वापसी ट्रेन रविवार को चलेगी. यह सेवा 11 अक्टूबर से 8 नवंबर तक रहेगी.
आनंद विहार से मुजफ्फरपुर के लिए ट्रेन मंगलवार और शुक्रवार को चलेगी. इसका परिचालन 13 अक्टूबर से 24 नवंबर तक होगा. वापसी में मुजफ्फरपुर से आनंद विहार की ट्रेन बुधवार और शनिवार को चलेगी. यह सेवा 14 अक्टूबर से 25 नवंबर तक रहेगी.
दिल्ली-सीतामढ़ी और ऋषिकेश-मुजफ्फरपुर रूट भी शामिल
दिल्ली से सीतामढ़ी के लिए स्पेशल ट्रेन गुरुवार को चलेगी. यह सेवा 15 अक्टूबर से 19 नवंबर तक रहेगी. वहीं, सीतामढ़ी से दिल्ली के लिए ट्रेन शनिवार को चलेगी. इसका परिचालन 17 अक्टूबर से 21 नवंबर तक होगा.
ऋषिकेश से मुजफ्फरपुर के बीच भी स्पेशल ट्रेन चलेगी. यह ट्रेन रविवार को चलेगी और 4 अक्टूबर से 29 नवंबर तक इसका परिचालन होगा. वापसी में मुजफ्फरपुर से ऋषिकेश के लिए ट्रेन सोमवार को चलेगी. यह सेवा 5 अक्टूबर से 30 नवंबर तक रहेगी.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
आनंद विहार-पाटलिपुत्र के बीच रोज चलेगी ट्रेन
त्योहारों में दिल्ली से बिहार आने वाले यात्रियों के लिए आनंद विहार-पाटलिपुत्र रूट भी अहम रहेगा. आनंद विहार से पाटलिपुत्र के लिए स्पेशल ट्रेन प्रतिदिन चलेगी. इसका परिचालन 1 अक्टूबर से 29 नवंबर तक होगा.
वहीं, आनंद विहार से लौकहा बाजार और लौकहा बाजार से आनंद विहार के बीच भी रोजाना ट्रेन चलाने का कार्यक्रम है. आनंद विहार से लौकहा बाजार सेवा 16 सितंबर से 29 नवंबर तक और वापसी सेवा 17 सितंबर से 30 नवंबर तक निर्धारित है.
त्योहारों में नियमित ट्रेनों में भी बढ़ेंगे कोच
स्पेशल ट्रेनों के अलावा नियमित ट्रेनों में भी अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे. पटना से खुलने वाली और यहां से गुजरने वाली नियमित ट्रेनों में 1 से 2 अतिरिक्त एसी कोच जोड़ने का फैसला लिया गया है.
इससे त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को संभालने में मदद मिलेगी. साथ ही वेटिंग लिस्ट वाले यात्रियों को कन्फर्म सीट मिलने की संभावना बढ़ेगी.
इन ट्रेनों में अभी से बढ़ी मांग
त्योहारों को लेकर कई नियमित ट्रेनों में सीटों की मांग तेजी से बढ़ रही है. तेजस राजधानी, संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस, पाटलिपुत्र जंक्शन, नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस, विक्रमशिला एक्सप्रेस, डिब्रूगढ़ राजधानी, कोलकाता राजधानी और फरक्का एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में सीटें तेजी से भर रही हैं.
ऐसे में यात्रियों के लिए स्पेशल ट्रेनों का विकल्प काफी अहम होगा. रेलवे की इस व्यवस्था से दिल्ली और दूसरे राज्यों में रहने वाले बिहार के लोगों को त्योहार पर घर लौटने में राहत मिलने की उम्मीद है.
Also Read: सहरसा सदर अस्पताल में पत्रकार के साथ मारपीट और अभद्रता, डॉक्टरों पर लगा आरोप, DM ने दिए जांच के आदेश
