काली स्थान के चबूतरे पर युवक की खून से लथपथ लाश, चाकू के कई निशान मिले

दरभंगा के तारडीह प्रखंड में एक युवक का खून से लथपथ शव मिलने से हड़कंप मच गया है. युवक के शरीर पर चाकू के कई निशान पाए गए हैं. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Darbhanga News: तारडीह प्रखंड के उजान उच्च विद्यालय के निकट स्थित काली स्थान के चबूतरे पर मंगलवार सुबह एक युवक का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक के शरीर पर चाकू के कई निशान मिले हैं. पुलिस ने हत्या का मामला मानते हुए जांच शुरू कर दी है.

चबूतरे पर सोता था युवक

मृतक की पहचान गंगौली-कनकपुर पंचायत के वार्ड संख्या आठ, कनकपुर निवासी 38 वर्षीय मनोज कुमार ठाकुर के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार अविवाहित मनोज मेहनत-मजदूरी कर अपना जीवनयापन करता था और अक्सर रात में काली स्थान के चबूतरे पर ही सोता था. सोमवार रात भी वह वहीं सोया था.

मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने चबूतरे पर उसका खून से लथपथ शव देखा और इसकी सूचना पुलिस व परिजनों को दी.

यह भी पढ़ें: बिरौल में बाइक सवार की मौत के बाद चार घंटे सड़क जाम, पुलिस पर लगे लापरवाही के आरोप

एसडीपीओ और एफएसएल टीम ने किया निरीक्षण

सूचना पर सकतपुर थानाध्यक्ष अरविंद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों से पूछताछ की. इसके बाद एसडीपीओ वासुकीनाथ झा और फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए.

परिवार में पसरा मातम

परिजनों ने बताया कि मनोज के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है. वह अपनी दो बहनों का इकलौता भाई था. उसकी हत्या की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया.

सभी पहलुओं से जांच में जुटी पुलिस

सकतपुर थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया है. वहीं एसडीपीओ वासुकीनाथ झा ने कहा कि फोरेंसिक टीम जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर अनुसंधान किया जा रहा है. जल्द ही हत्या का खुलासा कर आरोपितों की गिरफ्तारी की जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >