Darbhanga News: दरभंगा शहर के प्रसिद्ध श्यामा माई मंदिर परिसर स्थित तालाब में एक युवक के डूब जाने की आशंका से सोमवार को हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एनडीआरएफ की टीम की मदद से तालाब में सर्च ऑपरेशन शुरू कराया. हालांकि देर शाम तक चले अभियान के बावजूद युवक का कोई पता नहीं चल सका. अंधेरा होने के कारण खोज अभियान रोक दिया गया, जिसे आज फिर से शुरू किया जाएगा.
जेठियाही मोहल्ला का रहने वाला है युवक
लापता युवक की पहचान टाउन थाना क्षेत्र के जेठियाही मोहल्ला निवासी आकाश कुमार के रूप में हुई है. घटना की जानकारी मिलते ही मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई. परिजन भी मौके पर पहुंच गए और युवक के सकुशल मिलने की प्रार्थना करते रहे.
पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर लोगों से तालाब के आसपास अनावश्यक भीड़ नहीं लगाने की अपील की.
प्रत्यक्षदर्शियों ने तालाब में कूदने की जताई आशंका
विश्वविद्यालय थानाध्यक्ष सुधीर कुमार ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार आकाश कुमार तालाब में कूद गया था. सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और एनडीआरएफ की सहायता से तालाब में गहन खोजबीन शुरू कराई गई.
काफी देर तक चले सर्च ऑपरेशन के बावजूद युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया.
अंधेरा होने से स्थगित हुआ सर्च ऑपरेशन
थानाध्यक्ष ने बताया कि अंधेरा होने के कारण फिलहाल सर्च ऑपरेशन स्थगित कर दिया गया है. मंगलवार सुबह एनडीआरएफ की टीम दोबारा तालाब में तलाश अभियान शुरू करेगी.
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि युवक के तालाब में कूदने की वजह क्या थी. फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.
यह भी पढे़ं: हड़ताली सफाई कर्मचारियों का कटेगा पांच दिन का वेतन, नगर निगम की सख्त चेतावनी
