Darbhanga Accident News: दरभंगा जिले के कमतौल में शुक्रवार की सुबह एक बेहद दुखद हादसा सामने आया है. घर के पूजा घर में सफाई और पोंछा लगाने के क्रम में बिजली का करंट लगने से 45 वर्षीय महिला की मौत हो गई. इस घटना के बाद से पूरे इलाके और मुहल्ले में सन्नाटा पसरा हुआ है.
मृतका की पहचान कमतौल निवासी फुलेंद्र कुमार राय की पत्नी बेना देवी (45) के रूप में की गई है.
कैसे हुआ हादसा?
परिजनों द्वारा दी गई जानकारी
- बेना देवी रोजाना की तरह सुबह पूजा-पाठ की तैयारी कर रही थीं.
- पूजा घर में ही पानी का मोटर रखा हुआ था, जिसके पास का फर्श गीला था.
- पोंछा लगाने के दौरान उनका कपड़ा गलती से चालू मोटर के संपर्क में आ गया.
- करंट की चपेट में आने से वह बुरी तरह झुलस गईं.
चीख-पुकार सुनकर परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और उन्हें आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
पुलिस की कार्रवाई और परिजनों का फैसला
घटना की सूचना मिलते ही कमतौल थाना पुलिस मौके पर पहुंची. हालांकि, परिजनों और ग्रामीणों की आपसी सहमति से मृतका के पति ने पोस्टमार्टम न कराने का लिखित आवेदन पुलिस को सौंपा है.थानाध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी ने बताया कि परिजनों के आवेदन के आधार पर यूडी केस दर्ज कर लिया गया है और शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है. मृतका का बेटा नौकरी के सिलसिले में लखनऊ में रहता है, उसके आने के बाद ही अंतिम संस्कार किया जाएगा.
