Darbhanga news: उत्साहपूर्ण माहौल में लोगों ने किया नूतन वर्ष का स्वागत, एक-दूसरे को दी शुभकामनाएं

Darbhanga news:अपने-अपने अंदाज में लोगों ने नव वर्ष की शुरुआत की. उत्साहपूर्ण वातावरण में नूतन वर्ष का गर्मजोशी से स्वागत किया.

Darbhanga news: दरभंगा. अपने-अपने अंदाज में लोगों ने नव वर्ष की शुरुआत की. उत्साहपूर्ण वातावरण में नूतन वर्ष का गर्मजोशी से स्वागत किया. अपने-अपने आराध्य के साथ ही बड़े-बुजुर्गों का चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया. इसके बाद एक-दूसरे को नए साल की शुभकामना दी. पूरे दिन हैप्पी न्यू इयर का संदेश गूंजता रहा. इसे लेकर सुबह से ही श्याम धाम सहित अन्य मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ती रही. इस दौरान उत्साही नौजवानों ने दोस्तों के साथ न्यू इयर पार्टी का प्रबंध कर जमकर जश्न मनाया. सुबह से लेकर रात तक लोग उत्सवी वातावरण का आनंद लेते रहे. वैसे नए साल की शुभकामना देने का दौर बुधवार की आधी रात 12 से ही शुरू हो गया था. जैसे ही घड़ी ने रात को 12 बजाए हैप्पी न्यू इयर का शोर शहर की गलियों में गूंज उठा. आतिशबाजी की धमक के साथ लोग नूतन वर्ष को लेकर अपने उत्साह का प्रदर्शन करने लगे. इसमें किशोर एवं युवाओं की सर्वाधिक संख्या नजर आई. आलम यह था कि सुबह तीन बजे तक पटाखे की गूंज खामोश रात को स्पंदित करती रही. युवाओं की टोली बाइक से घूम-घूम कर कड़ाके की ठंड के बावजूद गली-गली घूम कर लोगों को नए साल की शुभकामना देते रहे. गुरुवार की सुबह उठकर लोगों ने नित्य क्रिया से निवृत होने के बाद पवित्र जल से स्नान किया. घर में अपने गोसाउन की पूजा-अर्चना की. घर के बड़े बुजुर्गों से आशीर्वाद लिया. तत्पश्चात निकट के मंदिर पहुंचे और ईश्वर के चरण में अपना शीष नवाया. आरंभ हुए नव वर्ष में सभी मनोकामना पूर्ण करने तथा परिवार स्वस्थ एवं आनंद से रखने का आशीर्वाद मांगा. इसे लेकर सबसे अधिक भीड़ नगर तीर्थ श्यामाधाम में नजर आयी. अहले सुबह से लेकर देर शाम तक मंदिर परिसर गुलजार बना रहा. श्रद्धालुओं ने मनोकामना मंदिर के अतिरिक्त सैदनगर काली मंदिर, कंकाली मंदिर, पंचानाथ, हजारीनाथ, केएम टैंक सहित अन्य देवस्थानों में भक्तों की कतार लगी रही. नव वर्ष के मौके पर लोगों ने जमकर लजीज व्यंजनों का भी लुत्फ उठाया. सर्वाहारी अधिकांश लोगों के घर जहां मछली, मटन, चिकेन आदि पकाए गए, तो शाकाहारी लोगों के घर खीर, पुरी के साथ तरह-तरह के व्यंजन तैयार किए गए. इस अवसर पर मिठाइयों की भी खूब बिक्री हुई. विशेषकर बच्चों ने जमकर मस्ती की. शहरी क्षेत्र में परंपरागत पिकनिक स्थलों पर प्रवेश बंद कर दिए जाने के कारण अधिकांश युवा अपने दोस्तों के साथ ग्रामीण क्षेत्र में नए साल के स्वागत में पिकनिक मनाने चले गए. वहीं पर आपस में मिलकर भोजन तैयार किया और साथ मिलकर ग्रहण किया. दरभंगा-समस्तीपुर, कुशेश्वरस्थान के अतिरिक्त फोरलेन के किनारे प्रकृति की गोद में टोलियां मस्ती में डूबी नजर आई. पसंदीदा गीतों पर देर शाम तक ठुमके लगाते रहे. वहीं बड़ी संख्या में लोगों ने परिजनों के साथ होटल-रेस्टोरेंट में जायका लिया. होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों ने इसे ध्यान में रखते हुए एक दिन पूर्व से ही अपने-अपने प्रतिष्ठानों की आकर्षक सजावट कर रखी थी. वैसे राज परिसर एवं म्यूजियम कैंपस के अलावा अन्य मैदानों में लोगों का जमावड़ा लग रहा. अपने लक्ष्य प्राप्ति के संकल्प के साथ लोगों ने साल का पहला दिन सभी वातावरण में गुजारा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRABHAT KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >