Darbhanga News: अंचल कार्यालय परिसर में शनिवार को प्रभारी आरओ सह राजस्व कर्मचारी अजय कुमार की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया. इसमें कुल पांच भूमि विवादों की सुनवाई हुई. इनमें चार नए और एक पुराना मामला शामिल था. सुनवाई के दौरान तीन मामलों का आपसी सहमति से मौके पर ही निपटारा कर दिया गया, जबकि दो मामलों में आगे की कार्रवाई के लिए अगली तिथि निर्धारित की गई.
तीन भूमि विवाद आपसी सहमति से सुलझे
प्रभारी आरओ अजय कुमार ने बताया कि निस्तारित मामलों में उसरी गांव के ध्यानी राम बनाम विजय साफी, फूलचंद मुखिया बनाम विजय साफी तथा सिसौना गांव के गणेश यादव बनाम लक्ष्मी यादव के भूमि विवाद शामिल थे. सभी पक्षों को आमने-सामने बैठाकर उनकी बातें सुनी गईं. उपलब्ध दस्तावेजों और अभिलेखों की जांच के बाद दोनों पक्ष आपसी समझौते के लिए तैयार हो गए, जिससे विवादों का शांतिपूर्ण समाधान संभव हो सका.
अतिक्रमण मामले में होगी भूमि की नापी
उन्होंने बताया कि लंबित दो मामलों में से एक सार्वजनिक रास्ते पर अतिक्रमण से संबंधित है. इस मामले में सरकारी अमीन से भूमि की नापी कराई जाएगी. यदि नापी के दौरान सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की पुष्टि होती है तो उसे हटाकर आम लोगों के आवागमन के लिए रास्ता खाली कराया जाएगा.
जनता दरबार का उद्देश्य त्वरित समाधान
प्रभारी आरओ अजय कुमार ने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर पारदर्शी, निष्पक्ष और आपसी सहमति के आधार पर भूमि विवादों का त्वरित समाधान कर लोगों को राहत पहुंचाना है. दूसरे लंबित मामले की सुनवाई के लिए अगली तिथि निर्धारित कर दी गई है.
