Darbhanga Police: दरभंगा पुलिस ने एनएच-27 पर मोबाइल लूट और छिनतई करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो नाबालिग विधि-विरुद्ध बालकों समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. आरोपितों के कब्जे से पूर्व में लूटे गए पांच मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं.
गश्ती के दौरान रंगे हाथ पकड़े गए
सदर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि रविवार रात गश्ती के दौरान पुअनि मनोज कुमार मंडल ने एनएच-27 स्थित पंजाबी ढाबा के पास हाई स्पीड यामाहा बाइक पर सवार दो नाबालिगों को मोबाइल लूट एवं छिनतई करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया.
पूछताछ में मिली अहम जानकारी
दोनों नाबालिगों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मधुबनी जिले के नरहिया थाना क्षेत्र के नरहिया गोठ निवासी अशर्फी यादव के पुत्र अक्षय कुमार यादव को दोनार गांधीनगर कटरहिया से गिरफ्तार किया.
पांच लूटे गए मोबाइल बरामद
पुलिस ने बताया कि अक्षय कुमार यादव की निशानदेही पर पहले लूटे गए पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं. मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
अन्य वारदातों से भी जोड़े जा रहे तार
थानाध्यक्ष ने बताया कि यह जांच की जा रही है कि गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं. साथ ही हाल के दिनों में क्षेत्र में हुई मोबाइल लूट और छिनतई की अन्य घटनाओं में इनकी संलिप्तता भी खंगाली जा रही है.
यह भी पढ़ें: मुंबई में चोरी के मामले का आरोपित दरभंगा से गिरफ्तार, ट्रांजिट पर ले गई मुंबई पुलिस
