Darbhanga News: शिक्षकों पर आने वाली पीढ़ी को अच्छी शिक्षा- दीक्षा देकर सुयोग्य बनाने का भार

Darbhanga News:समाहरणालय में विशिष्ट शिक्षकों के बीच शनिवार को समारोहपूर्वक नियुक्ति पत्र का वितरण किया गया.

Darbhanga News: दरभंगा. समाहरणालय में विशिष्ट शिक्षकों के बीच शनिवार को समारोहपूर्वक नियुक्ति पत्र का वितरण किया गया. बिहार विद्यालय विशिष्ट शिक्षक नियमावली 2023 के प्रावधानों के तहत सक्षमता परीक्षा-टू उतीर्ण एवं काउंसेलिंग पूर्ण कराने वाले नगर के 61 शिक्षकों को विशिष्ट शिक्षक के तौर पर सांसद, प्रमंडलीय आयुक्त, डीएम एवं विधायकों नियुक्ति पत्र सौंपा. इनमें वर्ग 01 से 05 तक के 11, वर्ग 06 से 08 के 07, वर्ग 09- 10 वर्ग के 24 एवं कक्षा ग्यारहवीं- बारहवीं के 19 शिक्षक शामिल थे. वहीं जिले में 01-05 वर्ग के 1032, 06- 08 वर्ग के 133, 09- 10 वर्ग के 100 तथा 11- 12 वर्ग के 32 शिक्षक अर्थात कुल 1297 विशिष्ट शिक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया. मौके पर डीएम राजीव रौशन ने कहा कि शिक्षकों के लिए यह बड़ा और शुभ दिन है. शिक्षकों ने सक्षमता परीक्षा पास कर अपनी योग्यता का परिचय दिया. आज सरकार के कर्मी के रूप में नियुक्ति पत्र प्राप्त कर रहे हैं यह बड़ी जवाबदेही का दिन है. कहा कि आपके कंधे पर बिहार का भविष्य है. आने वाली पीढ़ी को अच्छी शिक्षा- दीक्षा देकर सुयोग्य बनाने का काम आपके ऊपर है. विश्वास जताया कि शिक्षक इस जिम्मेदारी को अच्छी तरह समझेंगे.

शिक्षकों के बेहतर भविष्य के लिए कदम उठा रही सरकार

डीएम ने कहा कि लोक कल्याण की भावना जो सरकार में होनी चाहिए वह है. सरकार कटिबद्ध है कि आप लोगों की बेहतरी के लिये काम हो. आपके अच्छे भविष्य के लिए सरकार लगातार बेहतर कदम उठा रही है.

शिक्षक से बड़ा कोई नहीं- मुरारी मोहन

विधायक मुरारी मोहन झा ने कहा कि शिक्षक का समाज में काफी मान- सम्मान है. शिक्षक से बड़ा कोई नहीं है. सभी का गुरु शिक्षक ही होते हैं. विधायक मिश्रीलाल यादव ने कहा कि जीवन में शिक्षा का बहुत महत्व है. इसमें शिक्षकों का महत्वपूर्ण दायित्व है. महापौर अंजुम आरा ने कहा कि शिक्षक और शिक्षिका अपने काम के प्रति ईमानदार रहें. बच्चों को अच्छी शिक्षा दें. डिप्टी मेयर नाजिया हसन ने कहा कि आप लोगों को बहुत बड़ी जिम्मेदारी मिली है. आप लोग बखूबी इसे निभा भी रहे हैं. कहा कि सभी बच्चे एक समान नहीं होते. यदि किसी बच्चे पर ज्यादा मेहनत करना पड़े तो जरूर करें. राम बुझावन यादव के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में जिप उपाध्यक्ष अरुणा कुमारी, आयुक्त के सचिव सत्येंद्र कुमार, उपनिदेशक जनसंपर्क सत्येन्द्र प्रसाद, डीइओ कृष्ण नंद सदा, डीपीओ संदीप रंजन, नवीन कुमार ठाकुर, मो. जमाल मुस्तफा, कृतिका वर्मा, पूर्व विधायक अमरनाथ गामी, विनय कुमार झा आदि मौजूद रहे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >