Darbhanga News: बीएमपी के समीप से दूसरे दोस्त की भी बरामद हुई लाश

Darbhanga News:कबीरचक की सनसनीखेज घटना में रविवार को लापता दूसरे युवक बादल की भी लाश पुलिस ने बरामद कर ली.

Darbhanga News: सदर. कबीरचक की सनसनीखेज घटना में रविवार को लापता दूसरे युवक बादल की भी लाश पुलिस ने बरामद कर ली. बीएमपी कैंप के पीछे की चहारदीवारी के समीप जमीन के नीचे गाड़े गये शव को खोज निकालने के बाद दोनों दोस्तों की हत्या की पुष्टि हो गयी. इससे पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है. एक के बाद एक शव मिलने से यह मामला अब दोहरे हत्याकांड में तब्दील हो गया है. इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही है. शनिवार को उसी स्थान से कुछ ही दूरी पर कबीरचक निवासी लक्ष्मी महतो के 21 वर्षीय पुत्र चुन्नू कुमार उर्फ मन्ना की लाश बरामद हुई थी. इसके बाद से उसके साथ लापता दूसरे दोस्त बादल की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी. इस दौरान रविवार को बीएमपी कैंप के पीछे चहारदीवारी के बाहर संदिग्ध स्थान पर खुदाई करायी गयी. वहां जमीन के नीचे दबा बादल का शव बरामद हुआ. शव मिलने की सूचना फैलते ही वहां लोगों की भीड़ जमा हो गयी. दोनों दोस्तों की हत्या की खबर से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गयी है. लोग इस वारदात को लेकर अलग-अलग कयास लगा रहे हैं. वहीं मृतक बादल के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजनों ने महकमे पर मामले की निष्पक्ष व गहन जांच की मांग की है. परिजनों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई होती तो शायद दूसरी लाश मिलने से पहले ही सच्चाई सामने आ जाती. पुलिस ने बादल के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया. रविवार की शाम गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया. पुलिस सूत्रों के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोस्तों के बीच किसी मामले को लेकर पहले विवाद और झगड़ा हुआ था. इसी विवाद के दौरान मन्ना और बादल को जान से मारने की धमकी भी दी गयी थी. हालांकि पुलिस अभी हर पहलू से मामले की जांच कर रही है. सभी बिंदुओं को खंगाला जा रहा है. पुलिस का कहना है कि साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जायेगा. इधर लगातार दो दिनों में दो शव मिलने से इलाके में भय का माहौल व्याप्त है. लोग रात में घर से निकलने से कतरा रहे हैं. पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग कर रहे हैं. इस संबंध में सदर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. पुलिस अग्रेतर कार्रवाई में जुटी है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRABHAT KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >