जिले में 15,268 नए राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य, डीएम ने अधिकारियों को दिए निर्देश

दरभंगा जिले में नए राशन कार्ड बनाने की प्रगति की समीक्षा के लिए जिलाधिकारी कौशल कुमार ने एक बैठक आयोजित की. जिले को 15,268 नए राशन कार्ड जारी करने का लक्ष्य मिला है, जिसे समय पर पूरा करने के लिए विशेष निर्देश दिए गए हैं.

Darbhanga News: जिले में राशन कार्ड निर्गत करने की प्रगति की समीक्षा को लेकर सोमवार को समाहरणालय में जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई. बैठक में सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, जिला आपूर्ति पदाधिकारी (डीएसओ), सभी अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ), सभी विपणन पदाधिकारी (एमओ) तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे.

समीक्षा के दौरान डीएम ने सभी एमओ को निर्देश दिया कि अधिक से अधिक पात्र एवं वंचित परिवारों तक राशन कार्ड योजना की जानकारी पहुंचाई जाए. उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों, विकास मित्रों, जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) विक्रेताओं तथा स्थानीय प्रतिनिधियों के सहयोग से पात्र लाभार्थियों के आवेदन प्राप्त किए जाएं, ताकि कोई भी योग्य परिवार योजना के लाभ से वंचित नहीं रहे.

15,268 नए राशन कार्ड बनाने का मिला लक्ष्य

बैठक में बताया गया कि जिले को 15,268 नए राशन कार्ड जारी करने का लक्ष्य मिला है. इस लक्ष्य को समय पर पूरा करने के लिए डीएम ने सभी एमओ को प्रतिदिन 509 राशन कार्ड तैयार कराने तथा आवेदन प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया.

अगले सोमवार तक 4 हजार कार्ड जारी करने का निर्देश

डीएम कौशल कुमार ने आगामी सोमवार तक चार हजार नए राशन कार्ड जारी करने का विशेष लक्ष्य निर्धारित करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.

छूटे पात्र लाभार्थियों को प्राथमिकता

डीएम ने कहा कि यदि किसी पात्र लाभार्थी का नाम किसी कारणवश राशन कार्ड से हट गया है तो ऐसे लोगों की पहचान कर प्राथमिकता के आधार पर उनका राशन कार्ड दोबारा बनाया जाए. साथ ही सभी एमओ को पात्र परिवारों का सर्वेक्षण कर शीघ्र आवेदन प्राप्त करने और समय पर राशन कार्ड जारी करने के निर्देश दिए.

यह भी पढ़ें: राष्ट्रीय लोक अदालत में ट्रैफिक चालान पर मिलेगी 50% तक की छूट


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

राज कुमार रंजन दो दशक से अधिक समय से हिंदी पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राष्ट्रीय समाचार पत्रों में काम कर चुके रंजन प्रशासनिक गतिविधियों के साथ-साथ राजनीतिक व सामाजिक क्षेत्रों में गहरी पैठ रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >