State Teacher Award 2026: शिक्षक दिवस के अवसर पर पटना के कृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित राजकीय शिक्षक सम्मान समारोह में दरभंगा जिले के बिरौल प्रखंड के शिक्षक कुमार प्रशांत को राजकीय शिक्षक सम्मान-2026 से सम्मानित किया गया. सम्मान मिलने पर उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के प्रति आभार जताया.
कुमार प्रशांत पटनिया पंचायत के नारायणपुर निवासी हैं और बिरौल पंचायत के प्राथमिक विद्यालय फकीरना में पदस्थापित हैं. उन्होंने बताया कि दरभंगा जिले से राजकीय शिक्षक सम्मान-2026 के लिए उनका एकमात्र शिक्षक के रूप में चयन हुआ है.
बच्चों की शिक्षा के क्षेत्र में किये गये कार्यों और विभिन्न प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन को सम्मान का आधार बताया गया है. समारोह में शिक्षा मंत्री ने उन्हें मोमेंटो, चादर और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया.
शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए मिला सम्मान
कुमार प्रशांत ने कहा कि यह सम्मान उनके साथ विद्यालय, विद्यार्थियों और पूरे दरभंगा जिले के लिए गौरव का क्षण है. सम्मान मिलने से उनका उत्साह बढ़ा है और वे आगे भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे.
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की शिक्षा और उनके बेहतर भविष्य के लिए लगातार प्रयास करते रहना उनकी प्राथमिकता रहेगी.
यह भी पढ़ें
ISRO Scientist Imtiyaz Ahmad: EOS-05 मिशन की सफलता में दरभंगा के वैज्ञानिक की अहम भूमिका
