जन्माष्टमी 2026 सुरक्षा व्यवस्था: अलर्ट मोड में पुलिस-प्रशासन, चप्पे-चप्पे पर होगी निगरानी

सिमरी थाना के औचक निरीक्षण में एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों को लंबित मामलों के निष्पादन और फरार आरोपितों की गिरफ्तारी में तेजी लाने का निर्देश दिया. जन्माष्टमी को लेकर भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने को कहा.

दरभंगा एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी ने गुरुवार को सिमरी थाना का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने थाना परिसर, कार्यालय, अभिलेख, मालखाना समेत विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया. एसएसपी ने सभी अभिलेखों को अद्यतन रखने और लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश दिया.

कांडों की समीक्षा कर गिरफ्तारी पर जोर

एसएसपी ने थाना में दर्ज कांडों की समीक्षा करते हुए अनुसंधान की प्रगति की जानकारी ली. उन्होंने फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई तेज करने को कहा. वारंट और कुर्की-जब्ती से जुड़े मामलों में भी नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया.

उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों से लंबित मामलों की स्थिति की जानकारी लेते हुए अनुसंधान को समय पर पूरा करने पर जोर दिया.

मालखाना और जब्त वाहनों की ली जानकारी

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने मालखाना में रखे जब्त सामानों की स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने जब्त सामान को नियमानुसार सुरक्षित रखने का निर्देश दिया. थाना परिसर में रखे जब्त और अन्य वाहनों के उचित रखरखाव के साथ उन्हें व्यवस्थित तरीके से रखने को कहा.

थाना परिसर की साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच की गयी. एसएसपी ने पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान अनुशासन बनाए रखने और आम लोगों के साथ बेहतर व्यवहार करने की हिदायत दी.

थाना के सामने अतिक्रमण हटाने का निर्देश

थाना के सामने सड़क किनारे अतिक्रमण की स्थिति को देखते हुए एसएसपी ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उन्होंने अतिक्रमण हटाने के लिए संबंधित विभाग से समन्वय कर कार्रवाई करने को कहा.

एसएसपी ने नियमित गश्ती बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और आम लोगों की शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया.

जन्माष्टमी पर सुरक्षा को लेकर अलर्ट

शुक्रवार को कृष्ण जन्माष्टमी पर्व को लेकर भी एसएसपी ने पुलिस पदाधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा. मंदिरों और पूजा स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था रखने तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर गश्ती बढ़ाने का निर्देश दिया गया.

असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के साथ पर्व के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखने को कहा गया. किसी भी तरह की अफवाह या विवाद की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश भी एसएसपी ने दिया.

मौके पर थानाध्यक्ष अरविंद कुमार, अपर थानाध्यक्ष शशि शंकर कुमार, दारोगा पन्नालाल सिंह, पूजा कुमारी, सहायक दारोगा शशिकांत सिंह, पीटीसी सतीश कुमार, विनय पासवान आदि मौजूद थे.

यह भी पढे़ं:

बंदरों के आतंक से आम लोग परेशान, पार्षदों ने पूरे शहर में पकड़ने का अभियान चलाने की मांग

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ajay yadav

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >