Darbhanga News: प्रस्तावित आक्रोश मार्च को लेकर जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. शनिवार को वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी ने शहर के विभिन्न संवेदनशील स्थानों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों की तैनाती और सुरक्षा तैयारियों का निरीक्षण किया.
पुलिस अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए. उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने ड्यूटी स्थल पर पूरी सतर्कता के साथ तैनात रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया. साथ ही आम लोगों के साथ संयमित और सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने की भी हिदायत दी.
आपात स्थिति से निपटने की तैयारी रखने पर जोर
एसएसपी ने कहा कि किसी भी आपातकालीन स्थिति से प्रभावी ढंग से निबटने के लिए सभी आवश्यक संसाधन तैयार रखें. उन्होंने सूचना तंत्र को लगातार सक्रिय रखने, वरिष्ठ अधिकारियों को हर गतिविधि से अवगत कराने तथा वायरलेस संचार व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए. इसके अलावा दंगा नियंत्रण उपकरणों एवं अन्य सुरक्षा संसाधनों की उपलब्धता की भी समीक्षा की.
अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
पुलिस प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है. एसएसपी स्वयं शहर की सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग कर रहे हैं और समय-समय पर विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं. प्रशासन का उद्देश्य आक्रोश मार्च के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखना तथा आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है. इसके लिए शहर के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है.
