Bahadurpur News: आम नागरिकों की समस्याओं के ऑन-द-स्पॉट समाधान के लिए प्रेमजीवर पंचायत में विशेष शिविर का आयोजन किया गया. शिविर की अध्यक्षता पंचायत के मुखिया जिशान फारूकी ने की. इस दौरान राशन कार्ड, पेंशन और राजस्व से जुड़े मामलों के समाधान के लिए लोगों ने आवेदन दिया और कई मामलों का मौके पर ही निबटारा किया गया.
राशन कार्ड और पेंशन से जुड़े मामलों का समाधान
शिविर में राशन कार्ड में सुधार, नया राशन कार्ड आवेदन, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन और दिव्यांग पेंशन से संबंधित मामलों का मौके पर ही निबटारा किया गया. इसके अलावा राजस्व से जुड़े मामलों पर भी लोगों की समस्याएं सुनी गयीं और आवश्यक कार्रवाई की गयी.
शिविर में आम लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे.
मेडिकल टीम ने की स्वास्थ्य जांच, मुफ्त दवा बांटी
शिविर में प्राथमिक स्वास्थ्य जांच के लिए मेडिकल टीम तैनात की गयी थी. टीम ने ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की और जरूरत के अनुसार मुफ्त दवा का वितरण किया.
इसके साथ ही मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड और कृषि विभाग से जुड़ी लोक-कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गयी. इच्छुक लोगों से संबंधित योजनाओं के लिए आवेदन भी लिये गये.
समय पर होगा लंबित आवेदनों का निष्पादन
बीडीओ आनंद कुमार विभूति ने बताया कि बिहार सरकार का स्पष्ट उद्देश्य प्रशासन को सीधे जनता के द्वार तक पहुंचाना है. शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन की प्रविष्टि की जा रही है.
उन्होंने कहा कि जिन मामलों का तत्काल निष्पादन संभव नहीं हो सका है, उनका निर्धारित समयावधि के भीतर निष्पादन किया जाएगा.
अधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया उद्घाटन
विशेष शिविर का उद्घाटन जिला पंचायती राज पदाधिकारी पवन कुमार यादव, बीडीओ आनंद कुमार विभूति, सीओ निशांत कुमार, डीपीआरओ प्रमोद कुमार और बीइओ रंजना कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया.
मौके पर पंचायत समिति सदस्य विद्यानंद पासवान, उप मुखिया मोहन पासवान सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद थे.
यह भी पढ़ें
Ujiarpur News: खाद की कालाबाजारी के खिलाफ किसान महासभा का प्रतिरोध मार्च, बीएओ का पुतला फूंका
