PM Surya Ghar scheme: दरभंगा समाहरणालय में जिलाधिकारी (डीएम) कौशल कुमार की अध्यक्षता में 'पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना' के प्रभावी क्रियान्वयन और प्रगति की समीक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिले में योजना की वर्तमान स्थिति का आकलन किया गया और इसे अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए रणनीति तैयार की गई.
अधिक खपत वाले उपभोक्ताओं को प्रेरित करने के निर्देश
डीएम कौशल कुमार ने सभी सहायक विद्युत अभियंताओं, कनीय अभियंताओं और अधिकृत वेंडरों को स्पष्ट निर्देश जारी किए. उन्होंने कहा कि जिन उपभोक्ताओं का स्वीकृत विद्युत भार और मासिक बिजली खपत अधिक है तथा जो इस योजना में रुचि रखते हैं, अधिकारी उनके घर-घर जाकर योजना की विस्तृत जानकारी दें. साथ ही उन्हें अपने घरों में सोलर रूफटॉप संयंत्र लगाने के लिए प्रेरित करें. बैठक में अधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में उपभोक्ताओं के घरों का लगातार भ्रमण किया जा रहा है.
प्रत्येक अभियंता को 100 नए उपभोक्ता चिन्हित करने का लक्ष्य
योजना की रफ्तार बढ़ाने के लिए डीएम ने सभी सहायक अभियंताओं और कनीय अभियंताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में कम-से-कम 100-100 इच्छुक उपभोक्ताओं को चिन्हित करने और उन्हें आवेदन के लिए तैयार करने का कड़ा निर्देश दिया. उन्होंने जानकारी दी कि इच्छुक उपभोक्ता सीधे 'पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.
लोन प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए बैंकों को आदेश
बैठक के दौरान बताया गया कि दरभंगा जिले में अब तक 566 उपभोक्ताओं के घरों की छतों पर सफलतापूर्वक रूफटॉप सोलर पैनल लगाए जा चुके हैं. डीएम ने वेंडरों को निर्देशित किया कि वे जल्द से जल्द सभी चिन्हित इच्छुक आवेदकों का नजदीकी बैंकों में लोन के लिए आवेदन जमा कराना सुनिश्चित करें. इसके साथ ही बैंक प्रतिनिधियों को भी सख्त निर्देश दिए गए कि प्राप्त सभी आवेदनों के लोन बिना किसी अनावश्यक देरी के जल्द से जल्द स्वीकृत किए जाएं.इस समीक्षा बैठक में विद्युत कार्यपालक अभियंता विकास कुमार, आपूर्ति प्रमंडल दरभंगा (शहरी) के केशव कुमार, ग्रामीण प्रमंडल के आमोद कुमार सहित बिजली विभाग और बैंक के कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे.
