Darbhanga News: सड़क दुर्घटना में होमगार्ड जवान सुमित कुमार यादव की मौत हो गयी. मृतक कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के मोरकाही गांव निवासी थे और सिमरी थाना क्षेत्र स्थित वृहद आश्रयगृह में पदस्थापित थे. हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें इलाज के लिए डीएमसीएच लाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गयी.
गंभीर हालत में डीएमसीएच लाया गया
मृतक के चाचा मनीष कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना उन्हें फोन के माध्यम से मिली थी. बताया गया था कि सुमित कुमार यादव दुर्घटना में घायल हो गये हैं. जानकारी मिलते ही वे तत्काल डीएमसीएच पहुंचे. वहां सुमित की हालत काफी गंभीर थी. चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी.
परिवार का इकलौता कमाऊ बेटा था सुमित
सुमित कुमार यादव अविवाहित थे. परिवार में उनकी मां के अलावा 18 वर्षीय छोटा भाई और 15 वर्षीय बहन हैं. उनके पिता की पहले ही मौत हो चुकी है. परिजनों के अनुसार सुमित परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे. जवान बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
विभागीय कर्मियों में शोक, अधिकारियों ने दी सलामी
सुमित के निधन की खबर से विभागीय कर्मियों में शोक की लहर है. अधिकारी एवं पुलिसकर्मियों ने मृतक जवान को सलामी दी. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
हादसे के कारणों की जांच शुरू
पुलिस ने सड़क दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस संबंधित बिंदुओं पर जांच कर दुर्घटना की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी है.
यह भी पढ़ें: फुलपरास में बिना लाइसेंस उर्वरक का भंडारण, छापेमारी के बाद प्राथमिकी दर्ज
