प्रभात खबर की खबर का असर, सतीघाट-राजघाट सड़क पर पहुंचा विभाग, मरम्मत शुरू

प्रभात खबर की खबर का असर, सतीघाट-राजघाट मुख्य सड़क की बदहाली पर पथ निर्माण विभाग हरकत में आ गया है. अधिकारियों के निरीक्षण के बाद सड़क को तत्काल मोटरेबल बनाने का काम शुरू कर दिया गया है. स्थानीय लोगों को जल्द राहत की उम्मीद है.

Darbhanga News: कुशेश्वरस्थान में सतीघाट-राजघाट मुख्य सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर प्रकाशित प्रभात खबर की खबर का असर दिखा है. गड्ढों और कीचड़ से जानलेवा बनी सड़क की स्थिति का जायजा लेने रविवार को पथ निर्माण विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे. निरीक्षण के बाद सड़क को तत्काल मोटरेबल बनाने का काम शुरू कराया गया.

खबर छपने के बाद हरकत में आया विभाग

सतीघाट-राजघाट मुख्य सड़क की स्थिति लंबे समय से खराब थी. जगह-जगह बड़े गड्ढे और कीचड़ के कारण वाहन चलाना मुश्किल हो गया था. पैदल राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क की बदहाली के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही थीं.

इस समस्या को लेकर 8 अगस्त को प्रभात खबर में प्रमुखता से खबर प्रकाशित की गई थी. इसके बाद पथ निर्माण विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्थल निरीक्षण कराया.

जेई ने मौके पर पहुंचकर दिए निर्देश

रविवार को कनीय अभियंता निशांत कुमार ने सड़क का निरीक्षण किया. उन्होंने निर्माण एजेंसी को तत्काल मौके पर बुलाया और सोहरवाघाट बाजार के पंचवटी चौक के पास सड़क को मोटरेबल बनाने का निर्देश दिया.

जेई के निर्देश के बाद पंचवटी चौक के पास मिट्टी, ईंट और पत्थर डालकर सड़क को दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया गया. विभाग का प्रयास है कि फिलहाल सड़क को आवागमन के लायक बनाया जाए, ताकि लोगों को तत्काल राहत मिल सके.

सोहरवाघाट बाजार में ढलाई शुरू कराने की मांग

निरीक्षण के दौरान मौजूद स्थानीय लोगों ने सोहरवाघाट बाजार क्षेत्र में जल्द ढलाई कार्य शुरू कराने की मांग की. विनोद कुमार यादव, दिलखुश कुमार और सुशील कुमार ने हरौली से सोहरवाघाट होते हुए समैला तक सड़क पर बने गड्ढों को भी भरने की मांग रखी.

इस पर कनीय अभियंता ने संवेदक को सड़क को पूरी तरह मोटरेबल बनाने का निर्देश दिया. साथ ही सोहरवाघाट बाजार में ढलाई कार्य तत्काल शुरू कराने को कहा.

लोगों को अब जल्द राहत की उम्मीद

सड़क की मरम्मत का काम शुरू होने के बाद स्थानीय लोगों में राहत की उम्मीद जगी है. लोगों का कहना है कि लंबे समय से सड़क की बदहाली के कारण रोजमर्रा के आवागमन में परेशानी हो रही थी. अब विभाग के हस्तक्षेप के बाद उम्मीद है कि सड़क की स्थिति जल्द सुधरेगी और आवागमन सामान्य हो सकेगा.

मौके पर लड्डू सिंह, प्रमोद कुमार यादव, मुकेश पौद्दार, नीरज साह, शशिरंजन शर्मा सहित कई स्थानीय लोग मौजूद थे.

यह भी पढे़ं: अलग मिथिला राज्य की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन, आंदोलन तेज करने की चेतावनी


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुधीर कुमार चौधरी

सुधीर कुमार चौधरी 17 वर्षों से पत्रकारिता कर रहे हैं. सामाजिक, राजनीतिक, अपराध व धर्म-संस्कृति जैसे विषयों पर इनकी पैनी नजर रहती है और वे इन बीट्स पर सटीक रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >