बैंक से निकासी के बाद हुई ₹1.83 लाख की छिनतई का खुलासा, पुलिस ने ₹1.75 लाख बरामद किए

दरभंगा पुलिस ने बैंक से ₹1.83 लाख निकालकर घर लौट रहे व्यक्ति से हुई छिनतई मामले का पर्दाफाश कर दिया है. वैज्ञानिक जांच और सीसीटीवी फुटेज की मदद से तीन आरोपियों की पहचान कर उनके घर से ₹1.75 लाख बरामद किए गए हैं.

Darbhanga News: दरभंगा के बिरौल थाना पुलिस ने बैंक से रुपये निकालकर घर लौट रहे व्यक्ति से हुई 1 लाख 83 हजार 500 रुपये की छिनतई मामले का खुलासा कर दिया है. पुलिस ने वैज्ञानिक जांच और सीसीटीवी फुटेज की मदद से कटिहार जिले के तीन आरोपियों की पहचान करते हुए एक आरोपी के घर से 1 लाख 75 हजार रुपये बरामद किए हैं.

बैंक से निकासी के बाद हुई थी छिनतई

प्रेस वार्ता में एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने बताया कि घटना 6 जुलाई की है. घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के कन्हई गांव निवासी ब्रह्मदेव कुंवर ने बिरौल के सुपौल बाजार स्थित भारतीय स्टेट बैंक शाखा से 1,83,500 रुपये निकाले थे.

रुपये लेकर पैदल घर लौटने के दौरान हाट गाछी के पास मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने उनके हाथ से रुपयों से भरा थैला छीनकर फरार हो गए.

यह भी पढ़ें: पिपिंग समारोह में 22 सहायक अवर निरीक्षकों को मिला प्रमोशन, एसएसपी ने पहनाए स्टार

सीसीटीवी और वैज्ञानिक जांच से मिली सफलता

घटना के बाद बिरौल थाना में कांड संख्या 459/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई. पुलिस ने घटनास्थल और बैंक परिसर के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया.

वैज्ञानिक जांच और कटिहार जिले के रौतारा थाना पुलिस के सहयोग से तीन आरोपियों की पहचान गुड्डू कुमार, अमन यादव और शौम यादव के रूप में की गई.

आरोपी फरार, घर से मिले ₹1.75 लाख

पुलिस ने कटिहार जिले के रौतारा थाना क्षेत्र के नया टोला में छापेमारी की. हालांकि तीनों आरोपी मौके से फरार मिले.

छापेमारी के दौरान गुड्डू कुमार के घर से छिनतई की 1 लाख 75 हजार रुपये की राशि बरामद कर जब्त कर ली गई.

थानाध्यक्ष चंद्रमणि ने बताया कि बरामद राशि को विधिवत जब्त कर लिया गया है. फरार आरोपियों और एक अन्य अज्ञात की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

छापेमारी टीम में पुअनि मुकेश कुमार, परिपुअनि भार्गवी कुमारी, महिला सिपाही कुमारी सिमरन, सिपाही रवि कुमार और सिपाही नितेश कुमार शामिल थे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Shankar kumar saha

Published by: Sarfaraz Ahmad

शंकर कुमार सहनी 20 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. लोकल टेलीविजन चैनल से लेकर राष्ट्रीय समाचार पत्रों तक में कार्य कर चुके शंकर राजनीति, अपराध और धर्म-संस्कृति से जुड़ी खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >