Darbhanga News: महाकुंभ समापन के साथ दभंगा जंक्शन पर भीड़ में आयी कमी, रेल प्रशासन ने ली राहत की सांस

Darbhanga News:महाशिवरात्रि पर अंतिम शाही स्नान के साथ प्रयागराज में महाकुंभ का समापन हो गया.

Darbhanga News: दरभंगा. महाशिवरात्रि पर अंतिम शाही स्नान के साथ प्रयागराज में महाकुंभ का समापन हो गया. इसके साथ ही दिन-रात तीर्थयात्रियों से गुलजार रहने वाले दरभंगा जंक्शन पर भीड़ में कमी आ गयी है. भीड़ नियंत्रण एवं श्रद्धालु यात्रियों की सुविधा के लिए डेढ़ महीने से अलर्ट मोड पर रहे रेल प्रशासन ने राहत की सांस ली. इसके साथ ही इसे लेकर जंक्शन पर किए गए अतिरिक्त प्रबंध को समाप्त कर दिया गया है. उल्लेखनीय है कि प्रयागराज में गत 13 जनवरी से महाकुंभ की शुरुआत हुई. इस अवसर पर संगम में अमृत स्नान के लिए इस क्षेत्र से भी लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं ने यात्रा की. जिले का शायद ही कोई श्रद्धालु परिवार रहा होगा, जिससे लोगों ने महाकुंभ में पवित्र स्नान नहीं किया हो. यूं तो अधिकांश लोगों ने सड़क मार्ग का सहारा लिया, लेकिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने ट्रेन से भी यात्रा की. इसे लेकर संभावित भीड़ के मद्देनजर रेल प्रशासन ने दरभंगा जंक्शन पर अतिरिक्त प्रबंध कर रखा था. भीड़ में इजाफा के साथ दूसरी जगह से भी रेल कर्मी, अधिकारी व पुलिस जवानों को यहां लाकर प्रतिनियुक्त किया गया. एसडीआरएफ के अलावा महाकुंभ के उत्तरार्द्ध में सिविल पुलिस जवानों की भी तैनाती की गयी. मंडल रेल प्रशासन ने व्यवस्था के सुचारु संचालन एवं माॅनिटरिंग के लिए सीनियर डीएफएम गणनाथ झा को दायित्व सौंप रखा था. प्लेटफार्म सहित पूरे स्टेशन परिसर के चप्पे-चप्पे पर नजर रखने के लिए 52 सीसीटीवी लगाया गया. ट्रेन की प्रतीक्षा के लिए बाहरी परिसर में पंडाल लगाया गया था. इस दौरान जंक्शन से पांच महाकुंभ स्पेशल का परिचालन किया गया, वहीं जयनगर से खुली गाड़ियां जंक्शन से होकर गुजरी. वैसे स्वतंत्रता सेनानी, पवन, अंत्योदय एक्सप्रेस सहित प्रयागराज से होकर गुजरने वाली ट्रेनों से हजारों की संख्या में लोगों ने तीर्थयात्रा की. नियमित गाड़ियों में अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने में महकमा को खासी मशक्कत करनी पड़ी. दिन-रात प्रशासन एक्टिव रहा. 26 फरवरी को महाकुंभ समापन के साथ रेल प्रशासन ने राहत की सांस ली.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >