Darbhanga Police Transfer: जिले में पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं अनुशासित बनाने के उद्देश्य से वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी ने तीन पुलिस अधिकारियों का तबादला किया है. बड़गांव थानाध्यक्ष विनीता कुमारी के निलंबन के बाद रिक्त हुए पद पर भी नयी तैनाती की गयी है. एसएसपी की ओर से 12 अगस्त को जारी आदेश में सभी संबंधित पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नये पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है.
बड़गांव थाना की कमान राहुल कुमार को
जारी पदस्थापन आदेश के अनुसार सिमरी थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक राहुल कुमार को बड़गांव थाना का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है. विनीता कुमारी के निलंबन के बाद बड़गांव थानाध्यक्ष का पद रिक्त था.
राहुल कुमार के सामने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के साथ लंबित कांडों के अनुसंधान और अपराध नियंत्रण की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी.
हायाघाट थानाध्यक्ष बदले
हायाघाट थाना के थानाध्यक्ष पुलिस अवर निरीक्षक रविन्द्र भारती का तबादला कर उन्हें पुलिस केंद्र, दरभंगा भेजा गया है. उनकी जगह सदर थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक बलवंत कुमार को हायाघाट थाना का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है.
बलवंत कुमार के सामने हायाघाट थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण के साथ शराबबंदी कानून का प्रभावी अनुपालन, वारंटों का निष्पादन और लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन की चुनौती रहेगी.
तत्काल प्रभाव से योगदान का निर्देश
एसएसपी की ओर से जारी आदेश में तीनों पुलिस अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नये पदस्थापन स्थल पर योगदान देने को कहा गया है. आदेश जारी होने के बाद संबंधित थानों में नयी जिम्मेदारी संभालने की प्रक्रिया शुरू हो गयी है.
पुलिसिंग को प्रभावी बनाने की कवायद
पुलिस अधिकारियों के इस फेरबदल को जिले में पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी एवं अनुशासित बनाने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है. नये अधिकारियों के योगदान के बाद संबंधित थाना क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निष्पादन और कानून-व्यवस्था को लेकर उनकी कार्यशैली पर नजर रहेगी.
