Nasha Mukt Bharat: नशा मुक्त युवा, विकसित भारत अभियान के तहत रविवार को दरभंगा अभियंत्रण महाविद्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रव्यापी संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया. महाविद्यालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में प्राचार्य, शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया तथा नशामुक्त भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया.
पीएम मोदी ने युवाओं से की नशे से दूर रहने की अपील
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार, समाज और देश के भविष्य को भी प्रभावित करता है. उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों की लत युवाओं की प्रतिभा और ऊर्जा को नष्ट कर देती है तथा अपराध, मानसिक तनाव, पारिवारिक विघटन और आर्थिक समस्याओं जैसी चुनौतियों को बढ़ावा देती है. उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया.
प्राचार्य बोले, नैतिक मूल्यों का विकास भी जरूरी
कार्यक्रम के बाद महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. चंदन कुमार ने कहा कि नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की वास्तविक शक्ति हैं. उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल तकनीकी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में नैतिक मूल्य, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना भी है.
विद्यार्थियों ने ली जागरूकता फैलाने की शपथ
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने नशा मुक्त भारत-विकसित भारत के संकल्प को दोहराते हुए समाज में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने की शपथ ली.
कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहायक प्राध्यापक अंकेश ने आयोजन सचिव की भूमिका निभाई, जबकि सिविल इंजीनियरिंग विभाग के सहायक प्राध्यापक ईशांत कुमार ने कार्यक्रम के समन्वय एवं व्यवस्थाओं का संचालन किया.
यह भी पढ़ें: सकरी चीनी मिल सदस्यता अभियान का बीडीओ ने किया निरीक्षण, 2650 किसानों का हुआ पंजीकरण
