कुशेश्वरस्थान धाम दरभंगा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर गुरुवार को कुशेश्वरस्थान धाम में भगवान भोलेनाथ का विधिवत रुद्राभिषेक किया गया. भाजपा दरभंगा पूर्वी जिला के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव का पूजन-अभिषेक किया गया. इस दौरान पीएम मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और उनके सार्वजनिक जीवन से जुड़े संकल्पों की सफलता की कामना की गयी.
हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा धाम
रुद्राभिषेक के दौरान कुशेश्वरस्थान मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल रहा. वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया. हर-हर महादेव के जयघोष से मंदिर परिसर गूंजता रहा. भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बाबा कुशेश्वरनाथ से देश की सुख-समृद्धि की भी प्रार्थना की.
भाजपा नेताओं ने बताया आध्यात्मिक महत्व
भाजपा जिला महामंत्री संजय कुमार सिंह उर्फ पप्पू सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन में देश के विकास और अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए काम किया है. उन्होंने कहा कि कुशेश्वरस्थान जैसी पवित्र भूमि पर भगवान शिव का रुद्राभिषेक करना आध्यात्मिक रूप से विशेष महत्व रखता है.
जिलाध्यक्ष विनय कुमार पासवान ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को सेवा और जनकल्याण की भावना के साथ मना रहे हैं. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश विकास के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है.
बाबा कुशेश्वरनाथ से की सुख-समृद्धि की प्रार्थना
विधानसभा संयोजक सह न्यास समिति सदस्य मनिकांत झा ने कहा कि रुद्राभिषेक के दौरान बाबा कुशेश्वरनाथ से देश की सुख-समृद्धि और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लंबी उम्र के लिए प्रार्थना की गयी. उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर अपनी आस्था व्यक्त की.
कार्यक्रम में न्यास समिति के सचिव गोपाल झा, डॉ. राजेश झा, मंडल अध्यक्ष रौशन राय समेत भाजपा के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और श्रद्धालु मौजूद रहे.
यह भी पढे़ं:
दरभंगा के इस ब्लॉक के स्कूल की व्यवस्था पर ग्रामीणों ने उठाये सवाल, DEO से जांच की मांग
