दरभंगा: बढ़े तापमान और उमस से परेशान लोगों को मंगलवार को हुई बारिश ने राहत दी. दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली और लोगों को गर्मी से निजात मिली. दोपहर करीब 1.30 बजे से बूंदाबांदी शुरू हुई, जो देखते ही देखते तेज हो गयी. करीब दो बजे से आधे घंटे तक मूसलाधार बारिश हुई, जिससे मौसम सुहाना हो गया. ठंडी हवाओं के चलने से लोगों ने राहत की सांस ली. हालांकि, बारिश के दौरान बिजली आपूर्ति पर असर पड़ा और कई जगह जाम की स्थिति भी बनी.
जलजमाव ने बढ़ाई परेशानी
बारिश ने कई जगह लोगों की परेशानी भी बढ़ा दी. शहर की कई सड़कों पर जलजमाव की स्थिति बन गयी. नाला विहीन सड़कों पर पानी जमा हो गया, जिससे राहगीरों को आवाजाही में काफी दिक्कत हुई. कई जगह धंसी हुई और निर्माणाधीन सड़कों का भी बुरा हाल देखने को मिला. सड़कें पानी में विलीन नजर आ रही थीं.
फिसलन से हादसे का डर
सड़कों पर जमी धूल और मिट्टी बारिश के पानी से भीगने के बाद कीचड़ में बदल गयी. इससे सड़कों पर फिसलन बढ़ गयी. वाहन चालकों को मजबूरन धीमी गति से वाहन चलाना पड़ा. कई चौक-चौराहों पर वाहन फिसलते भी नजर आये.
डीएमसीएच जाने वाली सड़क पर भरा पानी
डीएमसीएच जाने वाली सड़क से लेकर अस्पताल परिसर तक पानी जमा रहा. इससे मरीजों के परिजनों से लेकर चिकित्सा सेवा से जुड़े कर्मचारियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा. जलजमाव के बीच वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई.
बिजली आपूर्ति भी बाधित
वहीं, कुछ इलाकों में बारिश के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित रहने की भी शिकायत मिली. लोगों का कहना है कि थोड़ी सी बारिश में ही नगर निगम की जलनिकासी व्यवस्था की पोल खुल जाती है.
कुल मिलाकर मंगलवार की बारिश ने लोगों को उमस और गर्मी से राहत जरूर दी, लेकिन जलजमाव और फिसलन ने शहर की व्यवस्था की हकीकत भी सामने ला दी.
यह भी पढ़ें
अखिल भारतीय ऑनलाइन ज्ञान परीक्षा में अमित ने देश में हासिल किया तीसरा स्थान, बिहार में रहे अव्वल
