Darbhanga News: कड़ाके की ठंड के कारण घरों में कैद होने को विवश हुए लोग

Darbhanga News:भीषण ठंड के कारण लोग घर से बाहर कदम निकालने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं.

Darbhanga News: दरभंगा. एक पखवाड़ा से अधिक समय से चल रहे शीतलहर ने लोगों को ””””””””हाउस अरेस्ट”””””””” कर रखा है. भीषण ठंड के कारण लोग घर से बाहर कदम निकालने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं. यह क्रम दिसंबर के तीसरे सप्ताह से ही अनवरत चल रहा है. अगर गुरुवार व शुक्रवार के अलावा इस एक सप्ताह पहले के गुरुवार के मौसम को छोड़ दिया जाय तो 18 दिनों से धूप नहीं निकल रही. लिहाजा जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो चुका है. लोगों की दिनचर्या बदल गयी है. दिहाड़ी मजदूरों व ठेला, रिक्शा, टेंपो आदि चलाकर रोटी का जुगाड़ करने वालों की स्थिति बदतर होती जा रही है. फुटपाथी दुकानदारों से लेकर बड़े कारोबारियों का रोजगार चौपट चल रहा है. पूर्व निर्धारित एवं मजबूरन सफर करने वालों की स्थिति का अनुमान तो सहज ही लगाया जा सकता है. सांय-सांय बह रही बर्फीली पछुआ जब बदन से टकराती है तो गरम कपड़ों के लबादे में लिपटे होने के बावजूद कंपकंपी छूट जाती है. लोग किसी तरह अलाव आदि जलाकर वक्त गुजार रहे हैं. सब्जी तक खरीदने के लिए बाहर नहीं निकल पा रहे.

रविवार की सुबह जब आसमान हल्का साफ हुआ तो लगा शायद धूप खिलेगी और कनकनी से राहत मिलेगी. यह उम्मीद धरी की धरी रह गयी. कुछ ही पल बाद आसमान बादलों से ढक गया. अंधेरा सा छाने लगा. सर्द पछुआ की रफ्तार तेज हो गयी. इसने लोगों को घर में ही बंद रहने के लिए विवश कर दिया.

ठिठुरन में और वृद्धि

रविवार को तापमान का पारा शनिवार की तुलना में थोड़ा सा उपर चढ़ा, लेकिन ठिठुरन में और वृद्धि ही हो गयी. बता दें कि शनिवार को औसत उच्चतम तापमान 13.6 तो न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री दर्ज किया गया था. यह आज 15.2 डिग्री तथा 9.8 डिग्री रिकार्ड किया गया. मौसम विज्ञान विशेषज्ञ के अनुसार न्यूनतम तापमान में वृद्धि होने के कारण ही कनकनी में अधिक वृद्धि अनुभव की जा रही है.

आज व कल कोल्ड डे के आसार

राजेंद्र कृषि केंद्रीय विश्वविद्यालय पूसा के मौसम विज्ञान विभाग की ओर से दी गयी मौसम पूर्वानुमान के बाबत जानकारी के मुताबिक अगले दो दिन कोल्ड डे की स्थिति बनी रह सकती है. पांच व छह जनवरी को अत्यधिक ठंड का एहसास हो सकता है.

बच्चों के शिक्षण स्थगन की बढ़ी अवधि

मौसम के मिजाज को देखते हुए जिला प्रशासन ने पहली से आठवीं कक्षा के बच्चों के शिक्षण कार्य को अगले छह जनवरी तक स्थगित रखने का निर्देश दिया है. सनद रहे कि पहले तीन जनवरी तक ही शिक्षण कार्य स्थगित रखे जाने का आदेश दिया गया था. यह आदेश सरकारी एवं निजी सभी तरह के शिक्षण संस्थान पर लागू है.

कड़ाके की ठंड में सामने आया डीएमसीएच कर्मियों का मानवीय चेहरा

अलाव जलाकर दो गायों की बचाई जान

दरभंगा. भीषण ठंड और शीतलहर के बीच डीएमसीएच के कर्मियों का मानवीय चेहरा सामने आया. डीएमसीएच के सुरक्षा कर्मियों और अस्पताल स्टाफ ने ठंड से कांप रही दो गायों की जान बचायी. जानकारी के अनुसार पुराने गायनिक विभाग परिसर में कर्मियों ने लकड़ियां इकट्ठा कर अलाव जलाया. इससे मिली गर्माहट पाकर गायों को राहत मिली. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कड़ाके की ठंड के कारण परिसर में मौजूद गायें ठिठुर रही थीं. यह देख सुरक्षा कर्मियों और स्टाफ ने बिना देर किए अलाव की व्यवस्था की. अलाव के समीप पहुंचने के बाद गायों की हालत में सुधार हुआ. लोगां ने इस पहल की सराहना की है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRABHAT KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >