Darbhanga News: प्रमंडलीय आयुक्त हिमांशु कुमार राय की अध्यक्षता में शनिवार को प्रमंडलीय कार्यालय सभागार में पंचायती राज विभाग की योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए.
पंचायत भवन और सोलर स्ट्रीट लाइट योजना की समीक्षा
बैठक में पंचायत सरकार भवन, मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना, 15वें वित्त आयोग, कन्या विवाह मंडप, मुक्तिधाम तथा पंचायत पुस्तकालय निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई.
प्रमंडलीय आयुक्त ने लंबित पंचायत सरकार भवनों का निर्माण शीघ्र शुरू कराने, खराब सोलर स्ट्रीट लाइटों की नियमित मरम्मत कराने तथा निर्माणाधीन योजनाओं को तय समय सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया.
जिला परिषद योजनाओं के समयबद्ध निष्पादन पर जोर
बैठक के दूसरे सत्र में जिला परिषद की विकास योजनाओं की समीक्षा की गई. इस दौरान वित्तीय अनुशासन, योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया.
बैठक में प्रमंडल के तीनों जिलों के उप विकास आयुक्त (डीडीसी), जिला पंचायत राज पदाधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे.
