Bahadurpur News: बहादुरपुर प्रखंड की दो पंचायतों के पैक्स चुनाव का परिणाम गुरुवार को घोषित कर दिया गया. प्रखंड मुख्यालय स्थित ट्राइसम भवन परिसर में ऑब्जर्वर और प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ आनंद कुमार विभूति की देखरेख में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई.
बसतपुर में संजय भगत ने 44 मतों से दर्ज की जीत
बसतपुर पंचायत में संजय भगत को 379 मत मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं निवर्तमान पैक्स अध्यक्ष रामनरेश भगत को 335 मत प्राप्त हुए. इस तरह संजय भगत ने 44 मतों के अंतर से जीत दर्ज कर पैक्स अध्यक्ष का पद हासिल किया.
टीकापट्टी देकुली में राधेश्याम यादव की बड़ी जीत
टीकापट्टी देकुली पंचायत में पूर्व पैक्स अध्यक्ष राधेश्याम यादव को 498 मत मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी अशोक यादव को 344 मत प्राप्त हुए. राधेश्याम यादव ने 154 मतों के अंतर से जीत दर्ज की.
दोनों पंचायतों में सदस्य निर्विरोध निर्वाचित
प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ आनंद कुमार विभूति ने बताया कि दोनों पंचायतों में पैक्स अध्यक्ष पद की मतगणना शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हुई. साथ ही दोनों पंचायतों में पैक्स सदस्य पहले ही निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए जा चुके थे. सभी निर्वाचित अध्यक्षों एवं सदस्यों को प्रमाण पत्र प्रदान कर दिया गया है.
समर्थकों ने फूल-मालाओं से किया स्वागत
प्रमाण पत्र मिलने के बाद दोनों नवनिर्वाचित पैक्स अध्यक्षों का समर्थकों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया और जीत की खुशी में नारेबाजी की.
नवनिर्वाचित पैक्स अध्यक्ष संजय भगत और राधेश्याम यादव ने कहा कि मतदाताओं ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे तथा किसानों के हित में निरंतर कार्य करेंगे.
मतगणना के दौरान चुनाव शाखा प्रभारी शिक्षक राजेश कुमार सिंह, विकास, मिथिलेश भगत, कामोद साह, तेज नारायण पासवान, उमेश शर्मा, रंजीत मंडल सहित अन्य चुनावकर्मी मौजूद रहे.
