Darbhanga News: अब स्कूलों का रुटीन नहीं, किया जायेगा औचक निरीक्षण

Darbhanga News:स्कूलों के निरीक्षण के पैटर्न में एक बार फिर से बदलाव किया गया है. अब रुटीन नहीं, विद्यालयों का औचक निरीक्षण होगा.

Darbhanga News: दरभंगा. स्कूलों के निरीक्षण के पैटर्न में एक बार फिर से बदलाव किया गया है. अब रुटीन नहीं, विद्यालयों का औचक निरीक्षण होगा. औचक निरीक्षण के लिए शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव कार्यालय से एक दिन पूर्व रात नौ बजे एसएमएस के माध्यम से अधिकारियों को सूचना दी जाएगी कि उन्हें कल किस विद्यालय का निरीक्षण करना है. विभाग ने सभी आउटसोर्सिंग एवं अल्प संविदा पर बहाल कर्मियों को निरीक्षण कार्य से मुक्त कर दिया है. अब केवल जिले के छह शिक्षा अधिकारी ही निरीक्षण कर सकेंगे. इसमें डीइओ, डीपीओ, पीओ, बीइओ के अलावा बिहार शिक्षा परियोजना के अपर जिला कार्यक्रम समन्वयक (एडीपीसी) एवं सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी (एपीओ) शामिल होंगे. इस बावत विभाग ने दिशा-निर्देश जारी किया है.

महीने में न्यूनतम 25 विद्यालयों का निरीक्षक अनिवार्य

पदाधिकारी के लिये महीने में न्यूनतम 25 विद्यालयों का निरीक्षक अनिवार्य कर दिया गया है. अब निरीक्षण के लिए जिले से कोई रोस्टर नहीं बनेगा, बल्कि शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव कार्यालय से विद्यालय का आवंटन किया जाएगा. निगरानी के नोडल पदाधिकारी शिक्षा विभाग के अपर सचिव अनिल कुमार को बनाया गया है. शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ एस सिद्धार्थ ने निरीक्षण के पैटर्न में बदलाव करते हुए सख्त एवं स्पष्ट निर्देश जारी किया है. कहा है कि किसी भी परिस्थिति में विद्यालय निरीक्षक का प्रतिवेदन फर्जी अथवा भ्रामक नहीं हो. ऐसा होने पर संबंधित पदाधिकारी पर अनुशासनिक कार्रवाई की जायेगी.

इस प्रपत्र में अधिकारी स्कूलों का कर सकेंगे निरीक्षण

स्कूलों के औचक निरीक्षण के लिए फॉर्मेट में बदलाव किया गया है. नए फॉर्मेट में विद्यालय की बेसिक जानकारी के साथ–साथ कमरों की संख्या एवं स्थिति, अन्य भवन यथा शौचालय, पुस्तकालय, भंडार, कार्यालय, आइसीटी लैब, प्रयोगशाला आदि से संबंधित जानकारी ली जायेगी. साथ ही डेस्क-बैंच की संख्या एवं स्थिति, निर्माण कार्य से संबंधित जानकारी, एफएलएन किट, बच्चों का नामांकन एवं उपस्थिति तथा यूनिफॉर्म, परीक्षा, शिक्षकों की स्थिति, विभिन्न लागू की योजनाओं के संबंध में जानकारी ली जायेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >