Mumbai Police: मुंबई में दर्ज एक चोरी के मामले में वांछित आरोपित को सोमवार को मुंबई पुलिस ने सोनकी थाना पुलिस के सहयोग से दरभंगा से गिरफ्तार कर लिया. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को ट्रांजिट पर मुंबई ले जाया गया.
गांव से हुई गिरफ्तारी
गिरफ्तार आरोपित की पहचान सोनकी थाना क्षेत्र के गोठ भिट्ठी निवासी कमलेश मुखिया के पुत्र चंदन मुखिया के रूप में हुई है.
जानकारी के अनुसार, मुंबई पुलिस की एक टीम सोमवार को दरभंगा पहुंची और स्थानीय पुलिस की सहायता से आरोपी को उसके गांव से हिरासत में लिया.
सोना-चांदी और नकदी चोरी का आरोप
सोनकी थानाध्यक्ष प्रताप कुमार सिंह ने बताया कि चंदन मुखिया के खिलाफ मुंबई के एक थाने में चोरी का मामला दर्ज है. आरोप है कि वह मुंबई में जिस घर में काम करता था, वहीं से सोना-चांदी के जेवरात और बड़ी मात्रा में नकदी चोरी कर फरार हो गया था.
तकनीकी जांच से मिला सुराग
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद से आरोपी की तलाश की जा रही थी. तकनीकी अनुसंधान और अन्य सूचनाओं के आधार पर उसके दरभंगा स्थित गांव में होने की जानकारी मिली. इसके बाद मुंबई पुलिस ने सोनकी थाना पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया.
यह भी पढ़ें: सीएम साइंस कॉलेज कर्मचारियों ने प्रक्षेत्रीय नेतृत्व पर साधा निशाना, कार्यक्रमों के बहिष्कार का ऐलान
