Darbhanga News: भाजपा सांसद और रेलवे स्टैंडिंग कमेटी के सदस्य गोपालजी ठाकुर ने शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित रेल भवन में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की महानिदेशक सोनाली मिश्र से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने दरभंगा में आरपीएफ प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा.
यह भी पढ़ें: पहले शादी का झांसा, फिर कोर्ट मैरिज... अब 5 लाख दहेज नहीं देने पर घर से निकालने का आरोप
मिथिला क्षेत्र के लिए बताई महत्वपूर्ण जरूरत
सांसद ने कहा कि बिहार-नेपाल सीमा से सटे मिथिला क्षेत्र में आरपीएफ प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना सुरक्षा और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण होगी. उनका कहना था कि इससे रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने में मदद मिलेगी.
गुमशुदगी का मामला भी उठाया
मुलाकात के दौरान सांसद ने तारडीह प्रखंड के कुर्सो नदियामी निवासी सुभाषजी चौपाल की गुमशुदगी का मामला भी प्रमुखता से उठाया.
इस पर आरपीएफ महानिदेशक सोनाली मिश्र ने संबंधित अधिकारियों को मामले में त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
रेलवे सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर चर्चा
सांसद गोपालजी ठाकुर ने रेलवे स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रण, मानव तस्करी की रोकथाम, रेल अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई और यात्रियों की सुरक्षा जैसे मुद्दों पर भी चर्चा की.
उन्होंने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े रेल नेटवर्क में यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने में आरपीएफ की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है.
पहली महिला RPF महानिदेशक को दी बधाई
मुलाकात के दौरान सांसद ने आरपीएफ के 143 वर्षों के इतिहास में पहली महिला महानिदेशक बनने पर सोनाली मिश्र को बधाई भी दी और उनके कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं.
यह भी पढ़ें: 21 साल से वही स्वाद… मुजफ्फरपुर के इस समोसे के लिए आज भी दूर-दूर से पहुंचते हैं लोग
