Tiranga Yatra: केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय की ओर से वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में दिल्ली में तिरंगा यात्रा सह बाइक रैली का आयोजन किया गया. हर घर तिरंगा अभियान के तहत आयोजित इस यात्रा में दरभंगा के सांसद सह लोकसभा में भाजपा सचेतक गोपालजी ठाकुर समर्थकों के साथ शामिल हुए.
यात्रा को उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भारत मंडपम से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. एनडीए सांसदों की बाइक रैली इंडिया गेट होते हुए मेजर ध्यानचंद स्टेडियम पहुंचकर समाप्त हुई. यात्रा के दौरान भारत माता की जय और देशभक्ति के नारों से पूरा मार्ग गूंजता रहा.
बड़ी संख्या में सांसद और युवा हुए शामिल
सांसद गोपालजी ठाकुर के अनुसार तिरंगा यात्रा में उनके अलावा कई केंद्रीय मंत्री, लोकसभा एवं राज्यसभा के सांसद, आम नागरिक और बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लिया.
यात्रा के दौरान प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला. हाथों में तिरंगा लेकर लोगों ने देशभक्ति के नारे लगाए और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया.
आतंकवाद के खिलाफ भारत का स्पष्ट संदेश : गोपालजी ठाकुर
सांसद गोपालजी ठाकुर ने कहा कि तिरंगा यात्रा आतंकवाद के खिलाफ भारत का स्पष्ट और मजबूत संदेश है. उन्होंने कहा कि देशभर में आयोजित की जा रही तिरंगा यात्राएं महज किसी सरकार या संगठन का कार्यक्रम नहीं हैं, बल्कि यह 140 करोड़ भारतीयों की एकजुटता का संदेश हैं.
उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा के माध्यम से देशभर में राष्ट्रीयता और देशभक्ति का जो वातावरण बन रहा है, वह भारतीय चेतना का श्रेष्ठ उदाहरण है. राष्ट्रीय ध्वज देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है तथा ऐसे आयोजनों से लोगों में देश के प्रति जिम्मेदारी और राष्ट्रभावना मजबूत होती है.
यह भी पढ़ें
सुस्ता सीमा विवाद पर केंद्र से हस्तक्षेप की मांग, सीमा स्तंभ लगाने का अनुरोध
