LPG Gas Booking: दरभंगा बेनीपुर नगर परिषद क्षेत्र के गैस उपभोक्ताओं के लिए एक राहत भरी खबर आई है. नगर परिषद का दर्जा मिले दो दशक से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी यहां के निवासियों को एलपीजी सिलिंडर री-बुकिंग के लिए ग्रामीण क्षेत्र के नियमों का सामना करना पड़ रहा था. इस गंभीर जनसमस्या को स्थानीय विधायक प्रो. विनय कुमार चौधरी ने बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान अल्पसूचित प्रश्न के माध्यम से प्रमुखता से उठाया.
45 दिनों की बाध्यता से मिलेगी मुक्ति
विधानसभा में विधायक ने ध्यान दिलाया कि बेनीपुर शहरी क्षेत्र होने के बावजूद यहां उपभोक्ताओं को 45 दिनों के अंतराल पर ही गैस री-बुकिंग की अनुमति मिलती है. इसके विपरीत, अन्य शहरी इलाकों में 25 दिनों में बुकिंग की सुविधा उपलब्ध है.
खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री का जवाब
मामले पर संज्ञान लेते हुए राज्य के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी ने स्थिति स्पष्ट की. उन्होंने स्वीकार किया कि:
- पेट्रोलियम मंत्रालय के आधिकारिक मैप प्लान में बेनीपुर अब भी ग्रामीण क्षेत्र के रूप में दर्ज है.
- इसी तकनीकी विसंगति के कारण उपभोक्ताओं को 45 दिनों का नियम लागू हो रहा है.
- केंद्र व संबंधित विभाग से समन्वय बनाकर इस विसंगति को जल्द दूर किया जाएगा.
मंत्री के आश्वासन के बाद बेनीपुर के निवासियों को अब 25 दिनों में गैस बुकिंग की सुविधा मिलने की उम्मीद जग गई है. विधायक की इस पहल का स्वागत करते हुए स्थानीय उपभोक्ताओं के साथ-साथ एनडीए कार्यकर्ताओं ने खुशी जताई है.
