Darbhanga: बिहार निर्वाचन परिसीमन एवं पुनर्संरचना समिति, दरभंगा प्रमंडल की जिम्मेदारी मिलने पर ग्रामीण विधायक ईश्वर मंडल का रविवार को स्थानीय लोगों ने सम्मान किया. एक विवाह भवन में आयोजित सम्मान समारोह में लोगों ने विधायक को पुष्पमाला और अंगवस्त्र भेंट कर नयी जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं.
मौके पर विधायक ईश्वर मंडल ने कहा कि उन्हें मिली जिम्मेदारी केवल एक पद नहीं, बल्कि जनता के विश्वास से जुड़ा दायित्व है. वे परिसीमन एवं पुनर्संरचना की प्रक्रिया में क्षेत्र की जनता की अपेक्षाओं और सुझावों को प्राथमिकता देंगे.
जनभावनाओं और समस्याओं को समिति के समक्ष रखने की बात
विधायक ने कहा कि वे मिली जिम्मेदारी का पूरी गंभीरता, निष्पक्षता और ईमानदारी के साथ निर्वहन करने का प्रयास करेंगे. क्षेत्र की जनभावनाओं और समस्याओं को समिति के समक्ष मजबूती से रखना उनकी प्राथमिकता होगी.
उन्होंने कहा कि परिसीमन और पुनर्संरचना जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रिया में क्षेत्र के लोगों की अपेक्षाओं और सुझावों को उचित मंच तक पहुंचाना जरूरी है.
निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन का प्रतिनिधित्व पर पड़ता है असर
शिशिर झा ने कहा कि निर्वाचन क्षेत्रों का परिसीमन और पुनर्संरचना लोकतांत्रिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है. इसका सीधा असर क्षेत्र के प्रतिनिधित्व पर पड़ता है. ऐसे में इस महत्वपूर्ण दायित्व के लिए क्षेत्र के जनप्रतिनिधि को जिम्मेदारी मिलना गौरव की बात है.
वहीं स्थानीय लोगों ने कहा कि ईश्वर मंडल को दरभंगा प्रमंडल की समिति में जिम्मेदारी मिलना क्षेत्र के लिए सम्मान की बात है. लोगों ने उम्मीद जतायी कि वे निष्पक्षता के साथ अपनी भूमिका निभाते हुए जनभावनाओं को समिति तक पहुंचाएंगे.
सम्मान समारोह में बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद
समारोह में विनय झा, संतोष झा, ब्रजेश मिश्रा, आनंद ठाकुर, जियाउल भाई, बिट्टु, बादल यादव, राजेश झा, लालटुन यादव सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे.
