Darbhanga News: घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के महुआर स्थित मठाही चौक पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मेडिकल हॉल को नशीली दवाओं की बिक्री के आरोप में सील कर दिया. कार्रवाई के दौरान दुकान से कई आपत्तिजनक दवाएं बरामद की गईं. मामले में दुकान संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.
थानाध्यक्ष के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
थानाध्यक्ष आलोक कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मेडिकल हॉल की जांच की. जांच में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के प्राथमिक साक्ष्य मिलने के बाद दुकान को तत्काल सील कर दिया गया.
कार्रवाई की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए.
संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
पुलिस के अनुसार मेडिकल हॉल संचालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
सप्लाई चेन की भी होगी जांच
थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस यह भी जांच कर रही है कि नशीली दवाओं की आपूर्ति कहां से की जा रही थी और इस अवैध कारोबार में अन्य लोगों की संलिप्तता है या नहीं.
