Darbhanga News: जिले की किसान उत्पादक कंपनी मनीगाछी फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड को भारत सरकार के विदेश मंत्रालय और एफआईसीसीआई द्वारा आयोजित अंतरराष्ट्रीय बिजनेस इंटरैक्शन में देश के कृषि प्रतिनिधिमंडल में एफपीओ प्रतिनिधि के रूप में शामिल किया गया. नई दिल्ली में आयोजित इस बैठक में अफगानिस्तान के कृषि, सिंचाई एवं पशुधन मंत्री मौलवी अत्ताउल्लाह ओमारी के साथ कृषि सहयोग के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई.
कृषि सहयोग और खाद्य प्रसंस्करण पर हुई चर्चा
बैठक में भारत और अफगानिस्तान के बीच कृषि तकनीक, खाद्य प्रसंस्करण तथा किसान उत्पादक संगठनों के सहयोग को मजबूत बनाने पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया.
मखाना मॉडल की साझा की सफलता
मनीगाछी मिडास एफपीसी के चेयरमैन राजीव रंजन ने बैठक में मिथिला क्षेत्र के किसानों की सफलता की कहानी प्रस्तुत की. उन्होंने बताया कि एफपीओ ने मखाना के उत्पादन, प्रसंस्करण, ब्रांडिंग और निर्यात को एक संगठित मॉडल के रूप में विकसित किया है.
किसानों की आय बढ़ाने में मिलेगी मदद
राजीव रंजन ने कहा कि बिहार और मिथिला के लिए यह गर्व का विषय है कि एक किसान उत्पादक संगठन को भारत के कृषि प्रतिनिधित्व के लिए अंतरराष्ट्रीय मंच मिला है.
उन्होंने कहा कि मखाना जैसे कृषि उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाकर किसानों की आय बढ़ाई जा सकती है. ऐसे अंतरराष्ट्रीय मंच ग्रामीण उद्यमिता और महिला सशक्तिकरण को भी नई दिशा देंगे.
