मधुबनी: बाजितपुर थाना क्षेत्र के मैनारहिका गांव में पुलिस ने नशा मुक्ति अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए बद्री साहू की पत्नी सोनी देवी उर्फ अलीनगर वाली के घर से 121.250 किलो गांजा बरामद किया. पुलिस ने चार बोरों में सील बंद गांजा बरामद किया है. बरामद गांजे की अनुमानित बाजार कीमत करीब 20 लाख रुपये बतायी जा रही है. छापेमारी की भनक लगते ही कारोबारी फरार हो गयी.
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी
एसडीपीओ वासुकीनाथ झा ने बताया कि नशा मुक्ति अभियान के तहत गांजा कारोबार की गुप्त सूचना मिली थी. इसके बाद 13 सितंबर की देर शाम करीब आठ बजे मैनारहिका गांव में सोनी देवी उर्फ अलीनगर वाली के घर पर छापेमारी की गयी. इस दौरान चार बोरों में रखा 121.250 किलो गांजा बरामद हुआ.
उन्होंने बताया कि छापेमारी की भनक लगते ही कारोबारी मौके से फरार हो गयी.
लालटून साह को बताया मुख्य किरदार
एसडीपीओ ने बताया कि गांजा कारोबार में सूरज साह के पुत्र लालटून साह को मुख्य किरदार बताया जा रहा है. पुलिस के अनुसार, गांजा एक रिश्तेदार के घर में छिपाकर रखा गया था. उन्होंने बताया कि बद्री साह अपनी दूसरी पत्नी के साथ गांव से बाहर रहता है, जबकि उसकी पहली पत्नी सोनी देवी गांव में रहती है.
नेटवर्क और मुख्य स्रोत की तलाश
इतनी बड़ी मात्रा में गांजा बरामद होने के संबंध में एसडीपीओ वासुकीनाथ झा ने बताया कि पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटायी जा रही है. पुलिस मुख्य स्रोत तक पहुंचने का प्रयास कर रही है. इसके बाद मामले में संलिप्त अन्य व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
छापेमारी दल में एसडीपीओ वासुकीनाथ झा, बाजितपुर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार, बीडीओ संदीप कुमार पाण्डेय, पुअनि राजेन्द्र चौधरी, सिपाही राजेश कुमार, गौतम कुमार सिंह, प्रीति कुमारी, रौशनी कुमारी, अंकित कुमार, शिवम कुमार तथा स्थानीय चौकीदार शामिल थे.
यह भी पढ़ें
इंडो-नेपाल बॉर्डर पर 52 किलो गांजा बरामद, एसएसबी को देखते ही नदी में कूदे तस्कर
