दरभंगा में लोन: कृषि, मखाना और छोटे कारोबार से जुड़े लोगों के लिए बैंक ऋण को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. समाहरणालय सभागार में डीडीसी स्वप्निल की अध्यक्षता और सांसद गोपाल जी ठाकुर की मौजूदगी में हुई जिला स्तरीय परामर्शदात्री सह बैंकिंग समीक्षा बैठक में पात्र लाभुकों को समय पर और आसानी से ऋण उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया. सांसद ने कहा कि ऋण आवेदनों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और पूरी प्रक्रिया सरल व पारदर्शी हो.
ऋण आवेदन लंबित रखने पर होगी कार्रवाई
बैठक में कृषि, मखाना, एफपीओ, स्वयं सहायता समूह, लघु उद्योग, युवा उद्यमिता और स्वरोजगार से जुड़े ऋण आवेदनों की समीक्षा की गई. सांसद ने बैंक अधिकारियों को पात्र आवेदनों का समयबद्ध तरीके से निष्पादन करने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि पात्र लाभुकों को ऋण देने में उदासीनता बरतने वाले बैंकों को चिह्नित किया जाएगा. ऐसे मामलों की जानकारी संबंधित उच्चाधिकारियों को भेज कर कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी.
मखाना और कृषि कारोबार पर खास जोर
बैठक में मखाना किसानों और कृषि आधारित गतिविधियों को संस्थागत वित्त से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया. अधिकारियों और बैंक प्रतिनिधियों से कहा गया कि मखाना, कृषि, सूक्ष्म एवं लघु उद्यम और स्वरोजगार को पर्याप्त वित्तीय सहयोग मिलने से जिले में रोजगार के अवसर बढ़ सकते हैं. एफपीओ और स्वयं सहायता समूहों को भी बैंकिंग व्यवस्था से जोड़कर उनकी आर्थिक गतिविधियों को मजबूत करने की दिशा में काम करने पर चर्चा हुई.
दरभंगा में 264 सरकारी बैंक शाखाएं
बैठक में जिले की बैंकिंग व्यवस्था से जुड़े आंकड़े भी सामने रखे गए. दरभंगा में वर्तमान में 264 सरकारी बैंक शाखाएं, 235 एटीएम और 1,751 ग्राहक सेवा केंद्र संचालित हैं. ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में बैंकिंग सुविधा बढ़ाने के लिए करीब 10 किलोमीटर की दूरी पर सरकारी बैंक शाखा उपलब्ध कराने की दिशा में उपयुक्त स्थलों को चिह्नित करने की बात कही गई.
पीएम किसान से मुद्रा योजना तक समीक्षा
बैठक में पीएम किसान सम्मान निधि, मखाना किसानों को वित्तीय सहायता, पीएम स्वनिधि और मुद्रा योजना समेत विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई. इन योजनाओं के पात्र लाभुकों तक बैंकिंग सुविधा और ऋण का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया गया.
डिजिटल बैंकिंग में साइबर सुरक्षा पर जोर
सांसद गोपाल जी ठाकुर ने बैंकिंग नेटवर्क को और मजबूत करने के साथ वित्तीय साक्षरता बढ़ाने की जरूरत बताई. उन्होंने डिजिटल लेन-देन के दौरान साइबर ठगी से बचाव को लेकर लोगों के बीच जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया. बैठक में बैंकिंग व्यवस्था को आम लोगों के लिए अधिक सुगम बनाने और ग्रामीण क्षेत्रों तक वित्तीय सेवाओं की पहुंच बढ़ाने पर विस्तृत चर्चा हुई.
यह भी पढ़ें:
महंगाई से किसान परेशान, खेतों में पड़ रहीं दरारें, दरभंगा के इस इलाके को सूखा घोषित करने की मांग
