Transformer Accident News: दरभंगा शहर के अर्बन बिजली उपकेंद्र क्षेत्र में सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया. मिल्लत कॉलेज बॉयज हॉस्टल के पास खराब ट्रांसफार्मर को ठीक करने चढ़ा बिजली विभाग का लाइनमैन मुकेश कुमार ठाकुर करेंट लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया. करेंट लगने के बाद वह अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से नीचे गिर पड़ा, जिससे उसका सिर फट गया और हाथ भी बुरी तरह झुलस गया है. आनन-फानन में उसे इलाज के लिए भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है.
शटडाउन लेने के बावजूद हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, जिस ट्रांसफार्मर पर यह हादसा हुआ, उसमें बिजली की आपूर्ति डीएमसीएच उपकेंद्र से जुड़े फीडर संख्या दो से होती है. प्रत्यक्षदर्शियों और विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, लाइनमैन मुकेश ने काम शुरू करने से पहले ऑपरेटर चंदन कुमार से संपर्क कर ट्रांसफार्मर का स्विच ऑफ करने के लिए फीडर बंद (शटडाउन) कराया था.
चूक या जल्दबाजी
घटना के संबंध में बेंता क्षेत्र के कनीय अभियंता (JE) आलोक कुमार ने बताया कि घायल लाइनमैन ने ट्रीपिंग लेकर शटडाउन की प्रक्रिया पूरी की थी. ट्रांसफार्मर के तीन स्विचों में से वह जल्दबाजी या ध्यान भटकने के कारण दो ही स्विच काट सका था. उसे लगा कि शटडाउन पूर्ण हो गया है और उसने ट्रीपिंग वापस करा दी. इसके तुरंत बाद वह ट्रांसफार्मर पर काम करने के लिए ऊपर चढ़ गया. चूंकि एक स्विच ऑन रह गया था, इसलिए खंभे पर चढ़ते ही वह करेंट की चपेट में आ गया.फिलहाल घायल कर्मचारी का इलाज चल रहा है. इस घटना ने एक बार फिर बिजली विभाग में काम करने वाले आउटसोर्सिंग कर्मियों की सुरक्षा और शटडाउन प्रक्रिया के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
