हनुमाननगर. विशनपुर थाना क्षेत्र के गोढ़ैला गांव में विशनपुर-अतरवेल पथ पर शुक्रवार की शाम लगभग सात बजे 12 चक्का ट्रक (बीआर 01 जीपी 0724) की ठोकर से 46 वर्षीय किशनदेव सदा बुरी तरह जख्मी हो गए. उन्हें डीएमसीएच ले जाया गया. इधर, आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया. घटनास्थल पर पहुंचे थानाध्यक्ष शैलेश कुमार व मुखिया प्रतिनिधि विजय कुमार के लाख समझाने के बावजूद सड़क जाम नहीं समाप्त किया. परिजनों का कहना था की घायल दिहाड़ी मजदूर है. उसका सात साल का एक बेटा व एक बेटी है. वे लोग प्राथमिकी दर्ज नहीं कराएंगे. ट्रक मालिक संपूर्ण इलाज का खर्च वहन करे. इस बीच डीएमसीएच से घायल को पटना रेफर करने की सूचना मिलते ही ग्रामीण व परिजन आक्रोशित हो गए. पुलिस से हल्की झड़प भी हुई. पुलिस का कहना है कि देर रात यातायात बहाल कर दिया गया था, जबकि ग्रामीणों का कहना है कि लगातार 16 घंटे यातायात अवरुद्ध रहा. घटनास्थल के दोनों ओर सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई. सबसे ज्यादा परेशानी मैट्रिक के परीक्षार्थियों को हुई. शनिवार सुबह पूर्व मुखिया परमेश्वर पासवान राधा, मोहन चौधरी, राहुल कुमार, थानाध्यक्ष आदि की उपस्थिति में ट्रक मालिक ने इलाज का सारा खर्च वहन करने पर सहमति जताई. तत्काल कुछ पैसे भी दिए. इसके बाद दिन के 110 बजे जाम समाप्त हुआ. बता दें कि घटनास्थल पर ही घायल के दोनों पैर कुचलकर घुटनों के नीचे से अलग हो गए थे. ट्रक के पिछले पहिए में घायल के दोनों पैर फंस गये थे. वह लगभग 10 मीटर तक घिसटता रहा, लेकिन चालक ने ट्रक नहीं रोकी. और तेज गति से ट्रक को भगाने लगा. ग्रामीणों ने थाना को सूचना देते हुए अतरवेल की ओर भाग रहे ट्रक को पकड़ने के लिए बगल के गांव पटोरी में फोन किया. पटोरी के पूर्व मुखिया राधा मोहन चौधरी के घर के नजदीक सड़क पर लोगों की भीड़ देखकर ट्रक को सड़क पर छोड़कर चालक फरार हो गया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
